पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,डुमरी। बालू के अवैध उत्खनन व कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम डुमरी मोहम्मद शहजाद परवेज ने आदेश जारी कर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रो के चेकपोस्ट पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है।
आदेश में एसडीएम ने कहा है कि विभिन्न स्रोतों से प्राप्त हुए सूचना व क्षेत्र अवलोकन के बाद प्रतीत हुआ कि प्रतिदिन विभिन्न बालू घाट से सैकड़ों ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू का अवैध उठाव व परिवहन किया जा रहा है,जिससे पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है,जिस कारण अगले आदेश तक बालू का अवैध उठाव एवं परिवहन प्रतिबंधित किया जाता है।
एसडीएम ने आदेश में लिखा है कि सुबह 3 से 7 बजे और अपराह्न 5 से रात्रि 10 बजे तक प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टरों से बालू का अवैध उठाव एवं परिवहन किया जाता है।जिस पर अंकुश लगना अतिआवश्यक है।
एसडीएम ने जिन चेकपोस्ट पर पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है, उसमें जामतारा बैरियर के पास सीओ डुमरी शशिभूषण वर्मा एवं पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार को, पुराना प्रखंड कार्यालय समीप में थाना प्रभारी डुमरी प्रिनन एवं सीआई ऋषिकेश मरांडी को,निमियाघाट वन विभाग के चेकपोस्ट के पास निमियाघाट थाना प्रभारी राणा जंग बहादुर सिंह व जेई संजीव नयन को प्रतिनियुक्त किया है। इसी तरह चिरकी के पास पीरटांड़ सीओ मनोज मरांडी एवं थाना प्रभारी पीरटांड़ गौतम कुमार तथा हरलाडीह ओपी के पास ओपी प्रभारी दीपक कुमार व जेई मुनव्वर हुसैन को प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं खनन निरीक्षक अभिजीत मजूमदार एवं सीओ डुमरी व पीरटांड़ को अपने अपने अंचल के लिए वरीय पदाधिकारी के रूप में भी प्रतिनियुक्त किया।बताया जाता है कि क्षेत्र के बराकर नदी, यमुनिया नदी, इसरी नदी समेत अन्य आसपास के बालू घाटों से दिन रात बालू खनन,उठाव व परिवहन का कार्य शुरू जाता रहा है,जिसमें क्षेत्र के कतिपय सफेदपोशों का इन्हें संरक्षण प्राप्त रहता है।





