प्रतिनिधि,जमशेदपुर।अपर जिला व सत्र न्यायाधीश राजेंद्र कुमार सिन्हा की अदालत ने बागबेड़ा कालोनी निवासी बिल्डर रामसकल यादव हत्याकांड में सोमवार दोषी विक्की तपाड़िया उर्फ विकास तपाड़िया, नितेश तिवारी, अविनाश कुमार, मुनमुन सिंह और पंकज कुमार शर्मा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।मामले में मुनमुन सिंह को फरार घोषित किया गया है। साथ ही दोषियों पर 10-10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।जुर्माना नहीं देने पर सजा की अवधि बढ़ा दी जाएगी।





बताते चलें कि 1 अगस्त 2015 को बागबेड़ा कॉलोनी निवासी बिल्डर रामसकल यादव की हत्या जुबिली पार्क गेट के पास उस वक्त कर दी गई थी जब वे मार्निंग वाक करने आए थे। रामसकल यादव की पत्नी रंजू देवी की शिकायत पर हत्या का एक मामला दर्ज किया गया था। जिसमें तपाड़िया कंस्ट्रक्शन के विक्की तपाड़िया, संदीप तपाड़िया, मुन्ना तपाड़िया समेत अन्य को आरोपी बनाया गया था।





पुलिस ने मुन्ना तपाड़िया को छोड़ बाकी सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि हत्याकांड के मुख्य आरोपी उपेंद्र सिंह की हत्या 30 नवंबर 2016 को अदालत परिसर के बार भवन में डॉन अखिलेश सिंह गिरोह के गुर्गों द्वारा गोली मारकर कर दी गई थी।