ढाका
बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) एक बार फिर मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार के साये में घिर गई है। लीग के 11वें और 12वें सीजन में हुई फिक्सिंग की जांच के बाद एंटी-करप्शन यूनिट ने दो प्रमुख फ्रेंचाइजी अधिकारियों पर गंभीर आरोप तय किए हैं।
आरोप तय होने के तुरंत बाद चटगांव रॉयल्स के पूर्व मालिक मो. अब्दुल कायूम राशिद और दरबार राजशाही के पूर्व टीम अधिकारी मो. अमीन खान को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित (Provisinally Suspended) कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों को आधिकारिक नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर अपनी सफाई पेश करने का समय दिया गया है।
मो. अब्दुल कायूम राशिद पर लगे 4 प्रमुख आरोप
चटगांव रॉयल्स के पूर्व मालिक अब्दुल कायूम राशिद पर भ्रष्टाचार निवारण संहिता के तहत बेहद संगीन आरोप लगे हैं:
- मैच का नतीजा फिक्स करने की कोशिश: मैचों के परिणाम या खेल की विशेष परिस्थितियों को अवैध रूप से प्रभावित करने का प्रयास।
- भ्रष्टाचार की रिपोर्ट न करना: सट्टेबाज़ी या फिक्सिंग का ऑफर मिलने के बावजूद इसकी जानकारी एंटी-करप्शन यूनिट को नहीं देना।
- जांच में असहयोग: जांच एजेंसियों के साथ सहयोग न करना और साक्ष्य छिपाना।
- डिजिटल सबूतों के साथ छेड़छाड़: फोरेंसिक जांच के लिए अपना मोबाइल फोन सौंपने से इनकार करना और जांच प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करना।
मो. अमीन खान पर लगे आरोप
दरबार राजशाही के पूर्व अधिकारी अमीन खान पर भी मैच फिक्सिंग के ताने-बाने बुनने का आरोप है:
- मैच प्रभावित करना: मैच की निष्पक्षता को भंग करने या परिणामों में हेरफेर करने की कोशिश।
- दूसरों को उकसाना: खिलाड़ियों या अन्य टीम अधिकारियों को भ्रष्टाचार और फिक्सिंग के जाल में शामिल करने का प्रयास करना।
- सबूत मिटाना: जांच प्रक्रिया को गुमराह करने के लिए मोबाइल से महत्वपूर्ण मैसेजेस और डेटा डिलीट करना।
अनुशासनात्मक कार्रवाई और संभावित सजा
बांग्लादेश प्रीमियर लीग के इतिहास में यह पहला मौका नहीं है जब खिलाड़ी या टीम मालिक फिक्सिंग के कटघरे में खड़े हुए हों। इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लग चुके हैं।
यदि 14 दिनों में मिले जवाब के बाद सुनवाई में दोनों अधिकारी दोषी पाए जाते हैं, तो उन पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और आईसीसी (ICC) के नियमों के तहत क्रिकेट की सभी गतिविधियों से आजीवन या दीर्घकालिक प्रतिबंध (Life/Long-term Ban) लगाया जा सकता है।





