वरीय संवाददाता,रांची। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का राष्ट्रव्यापी जन जागरण अभियान 14 अप्रैल से शुरू होगा। भाकपा के राष्ट्रव्यापी अभियान, भाजपा भगाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ के नारों के साथ पूरे राज्य में चलेगा।इस संबंध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता एके रसीदी ने की।





बैठक में सर्वसम्मति से राज्य में चल रहे सदस्यता अभियान, नवीकरण की समीक्षा की गई। बड़े पैमाने पर पूरे राज्य में पार्टी सदस्यों को जोड़ना, किसानों, महिलाओं ,छात्र नौजवानों, को गांव गांव में जन संगठन को मजबूत बनाना, प्रखंडों से लेकर राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।





29-30 अप्रैल को रांची में राज्य स्तरीय अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य सम्मेलन किया जाएगा, जिसमें अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार अंजान भाग लेंगे। राज्य भर से 500 चुने हुए किसान प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेंगे। वहीं, 6 ,7 मई 2023 को रामगढ़ में राज्य स्तरीय अखिल भारतीय महिला समाज के राज्य सम्मेलन आयोजित की जाएगी । इसमें राज्य भर से 500 महिला चुने हुए प्रतिनिधि भाग लेंगे। अल्पसंख्यक अधिकार समिति की ओर से राज्य स्तरीय हुए अल्पसंख्यक सम्मेलन की संपुष्टि व्यक्त की गई और प्रमंडलीय और जिला स्तरीय अल्पसंख्यक सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया।





भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि देश में तानाशाह मोदी सरकार को हटाने के लिए 14 अप्रैल 2023 को बाबा भीमराव अंबेडकर के जयंती के अवसर पर भाजपा हटाओ , देश बचाओ ,संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ के नारे के साथ पूरे राज्य में राष्ट्रव्यापी जन जागरण अभियान, पदयात्रा, छोटी-बड़ी नुक्कड़ सभा, आम सभा, आयोजित की जाएगी। 15 मई तक सभी जिलों में उपरोक्त मुद्दों के साथ जिला स्तरीय रैली आयोजित की जाएगी । बैठक में मोदी सरकार की तानाशाही रवैया की निंदा की गई।





राष्ट्रव्यापी भाजपा हटाओ ,देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ , संविधान बचाओ के नारे के साथ 14 अप्रैल से चलो गांव की ओर कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। बैठक में भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ,पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद, मेहता, राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद कुमार पांडे ,अजय कुमार सिंह, रुचिर कुमार तिवारी, लखन लाल महतो, गणेश महतो, अंबुज ठाकुर, महादेव राम ,के डी सिंह ,सुजीत कुमार घोष, कन्हाई माल पहाड़िया, डॉ पीयूष, जितेंद्र कुमार सिंह सहित राज्य कार्यकारिणी के कई सदस्य मौजूद थे ।