पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। आदिवासी,मूलवासी जनाधिकार मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष विजय शंकर नायक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के तकरीबन 17 वर्षों के कार्यकाल को झारखंड के दलित,आदिवासी,मूलवासी झारखंडी समाज ने देखा है और उनके चाल चरित्र को समझा है।
नायक ने कहा कि भाजपा अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। अब झारखंडी समाज उनके झांसे में नहीं आने वाले हैं।चाहे परिवर्तन यात्रा कर ले।अब भाजपा को झारखंड की सत्ता मिलने वाली नहीं है। नायक ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के लिए जनसंघ काल से पार्टी में रह कर कार्य करने वाले समर्पित नेताओं को दरकिनार कर दूसरे पार्टी से आए बौरो नेताओं को तरजीह देने में लगी है।
विजय शंकर नायक ने कहा कि भाजपा मूल्यों,सुचिता,साफ सुथरी और नैतिकता,भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति की बात करती है, लेकिन सबसे ज्यादा भ्रष्ट पार्टी बनी हुई है।भ्रष्ट और दागी नेताओं का जमावड़ा भाजपा में होता जा रहा है।





