भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में भाजयुमो की बाइक रैली आयोजित
झारखंड सरकार ने युवाओं के साथ विश्वासघात किया है:तेजस्वी सूर्य
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य बुधवार को रांची में सांसद सह भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में रांची महानगर युवा मोर्चा द्वारा आयोजित बाइक रैली में शामिल हुए। भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के लिए लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने सबसे पहले बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिभा पर माल्यार्पण किया। मौके पर रांची महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोमित नारायण के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य का भव्य स्वागत किया गया।
भाजपा युवा मोर्चा रांची महानगर द्वारा बाइक रैली आयोजित की गई। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य की उपस्थिति में युवाओं ने अपने उद्घोष से यह बता दिया कि देश अबकी बार 400 पर के लक्ष्य को पूर्ण करेगा। युवा शक्ति विकसित भारत की मोदी की गारंटी को पूर्ण करने के लिए संकल्पित है। बिरसा चौक से हजारों की संख्या में रांची महानगर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोमित नारायण के नेतृत्व में विशाल बाइक रैली निकाली गई,जिसमें रांची के सांसद संजय सेठ, भारतीय जनता युवा मोर्चा झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष शशांक राज,पूर्व युवा मोर्चा के प्रदेशअध्यक्ष विनय जायसवाल, केके गुप्ता उपस्थित रहे।
तेजस्वी सूर्य ने कहा झारखंड की सरकार युवा विरोधी सरकार है। झारखंड की वर्तमान सरकार ने यहां के युवाओं के साथ विश्वास घात किया है। झारखंड की सरकार ने वादा किया था कि हर साल 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे। जब तक नौकरी नहीं देंगे तो 7000 प्रत्येक महीना बेरोजगारी भत्ता देंगे। क्या यहां के युवाओं को नौकरी मिली, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिला।और तो और भर्ती परीक्षा में पेपर लीक हो जा रहे हैं,25 लाख में परीक्षा के पूर्व पेपर बेचे जा रहे हैं,चाहे स्टार्टअप हो या अन्य किसी भी प्रकार के यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर झारखंड की सरकार नहीं दे पाए,यहां की कानून व्यवस्था चौपट है,यहां की बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है,कानून व्यवस्था खत्म हो गई है,अत्याचार चरम पर है।मंत्री के करीबियों के यहां से नोटों के बंडल निकल रहे हैं। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। झारखंड भ्रष्टाचार के कारण शर्मसार हुआ है। उन्होंने कहा कि 25 तारीख को रांची लोकसभा में मतदान होना है। रांची की जनता राष्ट्र के निर्माण में और वर्तमान झारखंड की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा के पक्ष में अपना मतदान करें। वर्तमान में सांसद संजय सेठ रांची के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं। मैंने उन्हें दिल्ली में मंत्रियों के यहां रांची की समस्याओं को लेकर दौड़ते हुए देखा है।आज रांची में कई ऐसे बड़े काम इनके प्रयास से हुए हैं। ऐसे सरल स्वभाव के व्यक्तित्व वाले रांची के सांसद को फिर से भारी मतों से विजय बनाए।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि आज पूरा देश मोदी-मोदी कर रहा है।पूरा देश चाहता है कि तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस देश का नेतृत्व करें। जिस तरह पूरे देश में मोदी की लहर है। इस बार निश्चित रूप से हम 400 का लक्ष्य पर करेंगे और भारत को एक विकसित राष्ट्र की ओर मोदी जी के नेतृत्व में हम ले जा पाएंगे। इस देश का विकास अगर कोई कर सकता है तो वह सिर्फ नरेंद्र मोदी है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह मुद्दा विहीन है और सिर्फ धर्म के आधार पर राजनीति कर रहे हैं और लोगों को बांट रहे हैं।ना विपक्ष के पास कोई नीति है ना कोई नेता है। इसलिए 25 तारीख को राष्ट्र के निर्माण के लिए राष्ट्र के हित के लिए अपना मतदान अवश्य करें।





