प्रतिनिधि,चतरा। शहर में जमीन की बढ़ती कीमतों के बीच जमीन पर कब्जा की शिकायत को लेकर रोज ब रोज नए मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला सदर प्रखंड के कठोतिया मौजा में बरैनी रोड स्थित पालीटेक्निक कॉलेज के समीप मंजर इकबाल उर्फ मुन्ना पिता स्व गुलाम नबी के खाता संख्या 15 व प्लॉट संख्या 166 की 1.37 एकड़ रैयती भूमि पर एक पक्ष के द्वारा बाउंड्री बॉल करने से रोकने व मारपीट का सामने आया है। चतरा शहर के झारखंड मैदान के समीप रहने वाले मंजर इकबाल उर्फ मुन्ना ने स्थानीय सदर थाना में आवेदन देकर विपक्षियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है। आवेदन में कहा गया है कि मेरी मां माजदा बेगम ने 8 दिसम्बर 1973 को निबंधित विक्रय पत्र संख्या 8388 के माध्यम से शहिदुन निशा पति हाजी इमदाद हुसैन,लाइन मुहल्ला चतरा से 1.33 एकड़ जमीन की ख़रीदगी की थी। इस भूमि की चौहद्दी उत्तर में पालीटेक्निक कॉलेज,दक्षिण में सर्वे रास्ता,पूरब में अजीज मियां व पश्चिम में आसिफ इकबाल है।
आवेदन में कहा गया है कि जब वह अपनी भूमि खाता न 15 व प्लॉट नम्बर 166 पर चहारदीवारी निर्माण करवा रहे थे तभी लाइन मुहल्ला, लियाकत अली रोड के रहने वाले मो सोयेब पिता याहिया मियां,मो जमील पिता इसरार मियां,जुल्फिकार पिता मो सोयेब,मो अरमान पिता इस्माइल मियां व मो इस्लाम पिता स्व इशाक मियां और 25-30 लोग लाठी-डंडा लेकर आये तथा मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच मो सोयेब पिता याहिया मियां ने मुझे जमीन पर पटक दिया और जान से मारने की नियत से गला दबाने लगे। यह घटना देखकर काम मे लगे मजदूरों ने मुझे बचाया।इस बीच मजदूरों से भी मारपीट की गई। मारपीट के क्रम में मेरे गले से 7 सोने की चेन कीमत 80 हजार रु छीन लिया। मंजर इकबाल उर्फ मुन्ना का आरोप है कि मारपीट में संलिप्त लोगों ने जमीन पर किये जा रहे 30 फीट ऊंची चहारदीवारी को भी ध्वस्त कर दिया,जिससे उन्हें 70 हजार का नुकसान हुआ। आवेदन में मंजर इकबाल उर्फ मुन्ना ने कहा है कि जाते जाते इनलोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। मंजर इकबाल ने हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्यवाई की मांग की है।





