इंफाल:
अशांत मणिपुर में हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद से तनाव और अधिक गहरा गया है। इस हालिया घटना और पिछले दिनों हुई हत्याओं के विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार बंद का आह्वान किया गया है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
कांगपोकपी में एक और हत्या, इलाके में तनाव
पुलिस के अनुसार, कांगपोकपी जिले के पी मोल्डिंग गांव के रहने वाले पाओलेन खोंगसाई मंगलवार सुबह अपने एक साथी के साथ जंगल में बांस की कोपलें (बंबू शूट) इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे उग्रवादियों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें पाओलेन खोंगसाई की मौके पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि, उनके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा।
इस घटना के विरोध में 'कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी' (COTU) ने जिले में आधी रात से 24 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया है।
घाटी के पांच जिलों में असर और हालिया हिंसा
इससे पहले सोमवार को इसी कांगपोकपी जिले के सुनरोक क्षेत्र में जलावन की लकड़ी बीन रहे मैतेयी समुदाय के 14 लोगों पर उग्रवादियों ने हमला कर दिया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी।
- घाटी में 48 घंटे का बंद: मैतेयी समुदाय के तीन लोगों की हत्या के खिलाफ 'नेटिव पीपुल्स कमेटी मणिपुर' के आह्वान पर मंगलवार और बुधवार को घाटी के पांच जिलों—इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग—में 48 घंटे का बंद रखा गया।
- जीवन पर असर: बंद के चलते इन जिलों में बाजार, स्कूल-कॉलेज, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। सार्वजनिक परिवहन भी ठप नजर आया, हालांकि इक्के-दुक्के निजी वाहन सड़कों पर दौड़ते दिखे।
सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, तीन उग्रवादी गिरफ्तार
हिंसा के बीच मणिपुर पुलिस और सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगपोकपी जिले से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दोरजी लहातू ने जानकारी दी कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए तीन में से दो उग्रवादियों ने सुनुरोक पहाड़ियों में हुए हमले में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। उनकी निशानदेही पर सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद का जखीरा भी बरामद किया है। इसके अलावा, थौबल जिले में दो समुदायों के बीच हालिया झड़पों (जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी) में संलिप्तता के आरोप में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इसे भी पढ़ेंः मातम में बदलीं त्योहारों की खुशियां: देश के पांच अलग-अलग राज्यों में हुए भीषण हादसों में 43 लोगों की मौत
मुख्यमंत्री ने बुलाई बैठक, सर्वदलीय बैठक की मांग
राज्य की गंभीर सुरक्षा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (INDIA) के नेताओं के साथ एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की।
इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता मेघचंद्र सिंह, सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम समेत विभिन्न विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। बैठक के दौरान विपक्षी नेताओं ने राज्य में शांति बहाल करने के लिए तत्काल एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की जोरदार मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी इस मांग पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि बैठक में राज्य की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की गहन समीक्षा की गई तथा शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के वास्ते सामूहिक प्रयास करने पर सार्थक चर्चा हुई है।
#ManipurViolence #Kangpokpi #ManipurPolice #MeiteiVsKuki #NorthEastNews #BreakingNewsInHindi #Shantirani





