पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह। चार जून मंगलवार को होने वाली मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने कृषि उत्पादन केंद्र, बाजार समिति विशुनपुर, पचंबा का निरीक्षणकर सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया सेंटर,प्रशासनिक भवन सामग्री सेल,मेडिकल सेंटर,पोस्टल बैलेट, ईटीबीपीएस सेंटर सभी मतगणना हॉल आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।





इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बैरिकेडिंग, पंडाल व अन्य सुविधाओं का मुआयना करते हुए व्यवस्था के संबंध में कई निर्देश दिए। साथ ही विधानसभावार बने काउंटिंग हॉल का भी जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निरीक्षण किया तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने काउटिंगकर्मियों तथा काउंटिंग एजेंटों के बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही कंप्यूटर सिस्टम, हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था के बारे में भी पूछताछ की तथा लाइट कनेक्शन, पंखें, कूलर तथा अन्य जरूरी सुविधाओं के बारे में भी उन्होंने अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।





इस दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, खोरी महुआ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।