महिला द्वारा बुलवाकर की अपराधी प्रदीप सिंह की गोली मारकर हत्या
महिला समेत छह गिरफ्तार, देसी कट्टा, पिस्टल, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बीते 13 फरवरी को सीतारामडेरा थाना अंतर्गत बर्निंग घाट के पास मानगो गुरुद्वारा रोड शिव मंदिर के पास रहने वाले अपराधी प्रदीप सिंह की बाइक सवार आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के छोटे भाई प्रवीर सिंह के बयान पर थाने में हत्या का एक मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज कर एसपी सिटी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। जिसमें डीएसपी वन समेत अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में हत्याकांड से जुड़ी एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। जिसमें मुख्य आरोपी मानगो बैकुंठ नगर रोड नंबर 4 क्रॉस ई निवासी राहुल कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया शांति नगर टीचर ट्रेनिंग स्कूल के पास रहने वाला विलियम कुमार,गम्हरिया ब्लॉक मोती नगर निवासी रवि यादव उर्फ लाडला बाबू, सीतारामडेरा होम पाइप छाया नगर निवासी राहुल कुमार शर्मा, मानगो समता नगर रोड नंबर 15 निवासी अभिषेक कुमार और मानगो बैकुंठ नगर रोड नंबर 4 की रहने वाली महिला बबीता सिंह शामिल है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन देसी कट्टा, 7.65 एमएम की एक देसी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक स्प्लेंडर बाइक, एक स्कूटी और तीन मोबाइल भी बरामद किया है।
उक्त जानकारी मंगलवार पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी प्रभात कुमार ने पत्रकारों को दी। वार्ता में एसपी सिटी के. विजय शंकर और डीएसपी वन वीरेंद्र राम भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसएसपी ने कहा कि घटना के दिन गिरफ्तार महिला बबीता सिंह ने मृतक प्रदीप सिंह को साजिश के तहत सीतारामडेरा बर्निंग घाट के पास बुलाया था। जिसके बाद दो बाइक पर सवार होकर पांचों आरोपी मौके पर पहुंचे। जिसमें से स्प्लेंडर बाइक सवार तीन आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोली चलाकर प्रदीप सिंह की मौके पर ही हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी सीतारामडेरा बस स्टैंड की तरफ फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि घटना के मुख्य अभियुक्त राहुल कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के साथ सोशल मीडिया पर मृतक प्रदीप सिंह का विवाद हुआ था। जबकि घटना के दो दिनों पूर्व भी दोनों के बीच फिर से सोशल मीडिया पर विवाद हुआ था। जिसके बाद ही इस घटना को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार सभी पुरुष आरोपी इससे पूर्व भी हत्या समेत अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।मृतक प्रदीप सिंह भी शातिर अपराधी था और वह भी जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी अखिलेश मंडल, एसआई राजेश कुमार झा, अजीत होनहागा, अभिनंदन कुमार (सभी सीतारामडेरा थाने से), कदमा थाने से महिला एसआई पिंकी प्रियंका हेंब्रम, जुगसलाई थाने से एसआई टिंकू कुमार वर्मा, बिस्टुपुर थाने से एसआई संजय यादव, सीतारामडेरा थाने से एएसआई फुल्की एक्का, अरुण कुमार, शंकर ठाकुर, टाइगर मोबाइल आरक्षी गालिब खान और सरताज खान शामिल थे।





