प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बीते 19 जनवरी की संध्या मानगो थाना अंतर्गत पुल के पास पेट्रोल लेने गए विराज सोनी पर की गई फायरिंग मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।वहीं मामले का खुलासा रविवार एसपी सिटी के. विजय शंकर ने पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग की घटना घटी थी। गिरफ्तार आरोपियों में मानगो गुरुद्वारा रोड शिव मंदिर के पास का रहने वाला अंकित कुमार उर्फ अंकित बच्चा, एमजीएम रिपीट कॉलोनी निवासी सौरभ कुमार, उलीडीह डिमना रोड डीएवी कॉलोनी निवासी गौरव कुमार समेत एक नाबालिग शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा समेत बजाज स्कूटर भी बरामद किया है। हथियार आरोपी अंकित के पास से बरामद किया गया है।
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी ने बताया कि घटना की शाम 7 बजे विराज सोनी का मानगो पुल पेट्रोल पंप के पास सौरभ और गौरव से विवाद हो रहा था। इसी बीच फोन कर उन्होंने अंकित को भी बुला लिया। मौके पर अंकित अपने साथ हथियार लेकर आया और उसपर गोली चला दी। जो उसके हाथ में लगी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गिरफ्तार सभी आरोपी पहली बार पुलिस गिरफ्त में आए है।पुलिस ने रविवार तीन आरोपी को जेल, जबकि नाबालिक को रिमांड होम भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की टीम बनी थी।





