मुख्यमंत्री ने की महिला,बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा,अधिकारियों को दिए कई अहम दिशा निर्देश





अब 25 वर्ष से ऊपर एवं 50 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को मुख्यमंत्री बहन-बेटी स्वावलम्बन प्रोत्साहन योजना की सौगात





सर्वजन पेंशन योजना से आच्छादित सभी पेंशनधारियों को ससमय भुगतान करने का निर्देश





महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता:चम्पाई सोरेन





पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों की उपस्थिति में महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की।बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में शीघ्र मुख्यमंत्री बहन बेटी स्वावलम्बन प्रोत्साहन योजना की शुरुआत करें।





मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि इस योजना के तहत 25 वर्ष से ऊपर तथा 50 वर्ष से कम उम्र की सभी वर्ग समुदाय की गरीब जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार झारखंड प्रदेश की महिलाओं के बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार,महिला सशक्तिकरण, परिवार में महिलाओं की निर्णायक भूमिका सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।





मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री बहन बेटी स्वावलम्बन प्रोत्साहन योजना का लाभ निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत सभी वर्ग समुदाय के पात्र महिलाओं को मिलना प्रारंभ हो।इस निमित्त विभाग अपनी पूरी तैयारी युद्धस्तर पर करना सुनिश्चित करे।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस महत्वपूर्ण योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करना भी अति आवश्यक है। विभाग व्यापक प्रचार-प्रसार करने की कार्ययोजना जल्द बनाएं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस योजना से संबंधित सभी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी हो यह सुनिश्चित करें।आईटी विभाग का पूरा सहयोग लें।





बैठक में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इस योजना का एक बेहतर पोर्टल तैयार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के सफल संचालन के लिए जरूरी है कि महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग एक बेहतर तालमेल और समन्वय के साथ योजना के संचालन को मूर्त रूप दें।





मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने सर्वजन पेंशन योजना के तहत सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्वजन पेंशन योजना से आच्छादित पेंशनधारियों को पेंशन राशि का भुगतान निर्धारित समय पर करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले एक सप्ताह के भीतर लम्बित बकाया पेंशन राशि का भुगतान लाभुकों के खाते में हस्तांतरित करना सुनिश्चित करें।





बैठक में मुख्य सचिव एल खियांग्ते,मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार,महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार,मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल,विशेष कार्य पदाधिकारी जैप-आईटी राजकुमार गुप्ता सहित संबंधित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।