प्रतिनिधि,देवघर।डीसी विशाल सागर के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी 194 पंचायतों,नगर निगम और नगर परिषद के सभी वार्डों में झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर विशेष कैम्प का आयोजन किया गया। साथ ही 3 अगस्त से 10 अगस्त तक विशेष कैम्प का आयोजन लगातार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में किया जायेगा, ताकि शत प्रतिशत सुयोग्य लाभुकों को झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा जा सके।इसके अलावा शनिवार को पहले दिन आयोजित विशेष कैम्प में काफी संख्या में महिलाएं निःशुल्क फॉर्म प्राप्त कर उत्साहित और अपनी प्रशन्नता जाहिर करती दिखी।





ज्ञात हो कि 21 वर्ष से 50 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 21 से 50 वर्ष तक की महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपया दिया जायेगा। ऐसे में तीन से दस अगस्त तक योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को लगने वाले शिविर में आवेदन स्वयं उपस्थित होकर करना होगा। साथ ही योजना का लाभ लेने हेतु आवेदन के साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पास बुक व वोटर कार्ड की छाया प्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना होगा।