मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर बैठक आयोजित





डीसी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर पदाधिकारियों को दिये दिशा निर्देश





छह जनवरी को आर्मी ग्राउंड नामकुम में होगा कार्यक्रम





पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।राज्यस्तरीय मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम छह जनवरी को खोजा टोली नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में बैठक हुई।उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि ससमय पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।





बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पंडाल,मंच निर्माण,अतिथियों,लाभुकों के लिए भोजन,पेयजल,सुरक्षा,पार्किंग आदि व्यवस्था की जानकारी ली। दूसरे जिलों से आने वाले लाभुकों के लिए चिन्हित स्थानों पर अधीनस्थ कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर भोजन,पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया।नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी को उपायुक्त ने पर्याप्त संख्या में चलंत शौचालय की व्यवस्था एवं कार्यक्रम के दौरान और बाद में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान साफ-सफाई के लिए टीम की प्रतिनियुक्ति करें।





बता दें कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना के राज्यस्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।योजना के तहत राज्य की 56 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खाते में दिसंबर माह से बढ़ी हुई 2500 रुपये की सम्मान राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की जायेगी।पहले यह समारोह 28 दिसंबर को होने वाला था,लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह के निधन के बाद राज्य में सात दिनों के राजकीय शोक के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।