प्रतिनिधि,हज़ारीबाग़।बिष्णुगढ़ प्रखंड संसाधन केंद्र विष्णुगढ में मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान के फेज तीन का चार दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण शिविर रविवार को संपन्न हुआ। चार दिसम्बर से शुरू हुआ प्रशिक्षण के दौरान छह अलग-अलग बैच में कक्षा एक और दो में हिंदी, अंग्रेजी और गणित पढ़ाने वाले शिक्षकों को निपुण भारत मिशन के तहत प्रशिक्षित किया गया।प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी बंशीधर राम, बीपीएम कुणाल कुमार, मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार, प्रवीण कुमार पाठक, शंभू प्रसाद व मो. मोहम्मद आयाज अहमद, संपर्क फाउंडेशन के कुंदन पांडेय ने चार दिसंबर को संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया था।





समापन समारोह को संबोधित करते हुए बीईईओ श्री राम ने कहा कि एफएलएन के तीसरे पेज का प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कक्षा एक और दो के बच्चों को मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान सुनिश्चित करना है। इसके लिए हमारे मास्टर ट्रेनर आप लोगों के बीच विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही साथ निपुण भारत मिशन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों की चर्चा की गयी। वहीं बीपीएम श्री कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार प्रखंड के शिक्षकों को छह अलग-अलग बैच में 254 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।





इस संबंध में जानकारी देते हुए मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार ने बताया कि निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा एक और दो के बच्चों में मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान विकसित करने के लिए विद्यालय के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।प्रशिक्षण के पहले दिन प्री-टेस्ट के बाद राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रुपरेखा 2022 पर विस्तार से चर्चा की गयी। भोजनावकाश के बाद निपुण भारत मिशन के विकासात्मक चरण, सामाजिक एवं भावात्मक शिक्षा के प्रमुख घटक एवं प्रभावित करने वाले कारक, भाषा सीखने की अपेक्षाएं, मूलभूत संख्या ज्ञान सीखने की अपेक्षाएं,टूल किट आदि पर प्रतिभागियों पर विस्तार से चर्चा की गयी।उन्होंने बताया कि इस दौरान भाषा और साक्षरता, लैंगिक समानता, भाषा विकास के प्रमुख घटक, मौखिक भाषा विद्यालय, डिकोडींग, पढ़ने की संस्कृति, स्कूल रेडिनेस, मूलभूत संख्या ज्ञान के मुख्य घटक, शिक्षक हस्त पुस्तिका, पाठ योजना, आकलन आदि के बारे में अगल-अलग सत्रों में विस्तार से चर्चा की हुई।प्रशिक्षण के दौरान सम्पर्क फाउंडेशन के कुंदन पांडेय व अमित कुमार सिंह ने सम्पर्क किट, सम्पर्कशाला आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।रूम टू रीड के प्रशांत कुमार ने भी शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन सभी बैच के शिक्षकों के लिए पोस्ट टेस्ट और ग्रुप फोटोग्राफी हुआ।