प्रतिनिधि,पाकुड़। जिले के हिरणपुर में स्थित बजरंगबली मंदिर ट्रस्ट एवं रामनवमी मेला समिति ने संयुक्त रूप से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा सह अखाड़ा निकाला गया। यह कार्यक्रम हिरणपुर मवेसी हाट से निकल कर पूरा शहर घूमकर पुनः हाट परिसर में आकर समापन हुआ। इस शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्त जुटे थे
और श्रीराम, जय जय सिया राम, बजरंगबली की जय, भारत माता की जय के जयकार से वातावरण भक्तिमय हो गया। हाथ में श्रीराम का झंडा लिए लोग डीजे और बैंड बाजा के धुन में नाचते, झूमते दिखे।इस यात्रा में महिलाएं भी पीछे नहीं थी, वहीं रथ में राम, सीता और हनुमान के भेष में बच्चे आकर्षण का केंद्र बना हुआ था, वहीं सड़क किनारे कई जगह स्टॉल लगाकर रामभक्तों को ठंडा, शरबत, पानी, मैगी, खीर भी समाजसेवियों द्वारा खिलाया जा रहा था।
कमिटी के अध्यक्ष राजेश भगत ने बताया कि सभी रामभक्तों को हम धन्यवाद देना चाहेंगे, क्योंकि इतनी भीषण गर्मी में भी लोग आए।विशेष कर महिलाएं और बच्चे। श्रद्धा के साथ लगातार पूरी यात्रा में सभी ने साथ दिया। ये तो भगवान श्री राम के प्रति स्नेह और प्रेम है। साथ ही हिरणपुर पुलिस प्रशासन सहित अन्य अधिकारियों को भी बहुत बहुत धन्यवाद, जिनके अथक प्रयास से आज सफलतापूर्वक और शांतिपूर्वक इस आयोजन को सफल बनाया जा सका। उन्होंने अपने कमिटी के सारे सदस्यों को भी धन्यवाद दिए, क्योंकि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी ने दिन रात कड़ी मेहनत की है। कार्यकम में आदिवासी नित्य, लाठी खेल का लोगो ने जमकर आनंद उठाया। वहीं बजरंगबली मंदिर के प्रांगण में शनिवार से अगले नौ दिनों तक कथा का पाठ होगा।





