प्रतिनिधि,जमशेदपुर। आगामी रामनवमी पर्व के मद्देनजर मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव द्वारा गुरुवार अपने कार्यालय में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र में साफ-सफाई, टैंकर से जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट मरम्मती, नाली पर आवश्यकतानुसार स्लैब डालने एवं टूटे हुए स्लैब को हटाने, सड़क से सभी प्रकार के अवरोधक को दूर करने के साथ साथ जुलूस मार्ग पर निकले अखाड़ा में शांति व्यवस्था बहाल करने संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
इस दौरान कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच अखाड़ों के अनुसार देखरेख के लिए कार्य आवंटित भी किया गया। सभी अखाड़ा में साफ सफाई का कार्य एवं जुलूस मार्ग डिमना मुख्य सड़क और न्यू पुरुलिया रोड से वेस्ट मटेरियल का उठाओ कार्य के लिए जितेंद्र कुमार नगर प्रबंधक एवं दिनेश्वर यादव नगर प्रबंधक को नोडल कर्मी नियुक्त किया गया है। सभी अखाड़ों पर जुलूस मार्ग डिमना मुख्य सड़क तथा न्यू पुरुलिया रोड में बने स्टॉल में टैंकर द्वारा जलापूर्ति के लिए नगर प्रबंधक राहुल कुमार एवं सीएमएम निर्मल कुमार को नोडल कर्मी प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी अखाड़ों एवं जुलूस मार्ग डिमना मुख्य सड़क तथा न्यू पुरुलिया रोड में स्ट्रीट लाइट, हाई मास्क लाइट की मरम्मत तथा सीसीटीवी का सुचारू रूप से संचालन कार्य के लिए नगर प्रबंधक निशांत कुमार एवं अनामिका निशा बागे को नोडल कर्मी प्रतिनिधि बनाया गया है। सभी अखाड़ों एवं जुलूस मार्ग डिमना मुख्य सड़क तथा न्यू पुरुलिया रोड के किनारे अवस्थित नाली के ऊपर टूटे हुए स्लैब को हटाने एवं नए स्लैब को लगाने तथा चापाकल मरम्मत कार्य के लिए सहायक अभियंता संतोष कुमार को नोडल कर्मी नियुक्त किया गया है।
बैठक में आवंटित किए गए कार्यों के अनुसार अखाड़ों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि से समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों को सुगमता पूर्वक पूर्ण करने का निर्देश भी उन्होंने दिया है। मौके पर कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





