रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक नामी सरकारी 'स्वामी आत्मानंद स्कूल' से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। स्कूल परिसर और उसके आसपास छात्रों की सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए कक्षा 9वीं के एक छात्र के साथ अमानवीय मारपीट की गई। हद तो तब हो गई जब हमलावरों ने इस बर्बरता का वीडियो बनाया और उस पर फिल्मी डायलॉग लगाकर सोशल मीडिया पर रील्स के रूप में पोस्ट कर दिया।
इस घटना के बाद से ही अभिभावकों और आम लोगों में स्कूल प्रशासन व पुलिस की ढुलमुल कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
क्रूरता का वीडियो: 40 सेकंड में 46 थप्पड़ और चेहरे पर लात
वायरल वीडियो में दिख रहे दावों के मुताबिक, आरोपियों ने महज 40 सेकंड के भीतर पीड़ित छात्र को एक के बाद एक 46 थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान जब पीड़ित बेबस खड़ा रहा, तो हमलावरों में शामिल एक युवक ने सीधे उसके चेहरे पर लात भी मार दी।
हमलावरों ने इस अमानवीय कृत्य के वीडियो में बैकग्राउंड में 'तिरंगा' फिल्म का धमकी भरा डायलॉग इस्तेमाल किया— "हम डॉन हैं, मां वकील है और जज से सेटिंग है।"
आरोप: बाहरी तत्वों को बुलाया, थाने में मां और वकीलों का हंगामा
शिकायतकर्ता के अनुसार, पीड़ित का अपने ही सहपाठी से अनुशासन को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी छात्र ने बाहरी युवकों को बुलाकर इस हमले को अंजाम दिलवाया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब वे थाने पहुंचे, तो आरोपी छात्र की मां कुछ वकीलों के साथ वहां पहुंची और अपने बेटे को बचाने के लिए जमकर हंगामा किया। वहीं दूसरी ओर, स्कूल के प्रिंसिपल से शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। आगे और ज्यादा परेशान किए जाने के डर से पीड़ित छात्र ने अंततः स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) निकलवा लिया है।
मामले पर पुरानी बस्ती पुलिस का पक्ष
मामले के तूल पकड़ने पर पुरानी बस्ती पुलिस थाना की प्रतिक्रिया भी सामने आई है:
- क्रॉस केस दर्ज: पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष 9वीं कक्षा के छात्र हैं और बहस के बाद यह विवाद हुआ था। फिलहाल दोनों ही पक्षों के खिलाफ जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
- वीडियो डिलीट: पुलिस के अनुसार, मारपीट करने वाले छात्र ने ही रील्स बनाकर वीडियो अपलोड किया था, जिसे विवाद बढ़ने के बाद डिलीट कर दिया गया है।





