राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन





मताधिकार के प्रयोग में हर नागरिक को है समान अधिकार : विजया जाधव





प्रतिनिधि,जमशेदपुर।साकची स्थित रविन्द्र भवन सभागार में बुधवार राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त विजया जाधव, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, डीएसओ राजीव रंजन, डीटीओ दिनेश रंजन, एसओआर दीपू कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कानू राम नाग, डीपीआरओ(पंचायत) डॉ रजनीकांत मिश्रा, बीडीओ बहरागोड़ा राजेश कुमार साहू, सीओ जीतराय मुर्मू, पदाधिकारी, कर्मचारी, युवा, दिव्यांग मतदाता, स्वीप के नोडल, एनएसएस वॉलंटियर समेत अन्य आदि शामिल हुए।





इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी अपने मताधिकार के अधिकार को जानें, समझे तथा प्रयोग करें। तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मताधिकार के प्रयोग का अधिकार एक ऐसा अधिकार है। जिसमें मजदूर-अफसर, गरीब-अमीर, चाहे जो कुछ भी असमानता हो, मतदान करने के अधिकार से ज्यादा समानता लाने वाला और कोई अधिकार प्राप्त नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि भारत एकमात्र देश है।जिसने स्वतंत्र होते ही महिलाओं को मतदान के लिए अधिकार दिया। मतदाता देश के भाग्य विधाता हैं और जिनकी बेशकीमती वोट से ही देश के नीति निर्माताओं को चुना जाता है। प्रत्येक नागरिक की आवाज मताधिकार है और ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि अपने स्वजन, आस-पड़ोस के लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करें। नए मतदाता बने युवाओं में मतदान के लिए जोश हो।





एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लेते हैं। इस बार जो मतदाता जुड़े हैं, उनसे आशा है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करेंगे। यह आम आदमी का हथियार है और जो देश के किसी भी हिस्से में रहें, मगर मतदान जरूर करें। वहीं कार्यक्रम में मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में 44-बहरागोड़ा विस क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी राजेश कुमार साहू को अपने पोषक क्षेत्र में शत प्रतिशत आधार प्रमाणीकरण के लिए सम्मानित भी किया गया। साथ ही नए जुड़े युवा मतदाताओं के बीच ईपिक कार्ड का वितरण, 100 प्रतिशत मतदाताओं का आधार से लिंक करने वाले बीएलओ, बेहतर कार्य करनेवाले निर्वाचन कार्यालय के कर्मियों को जिला निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।





कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। जिसमें अनिवार्य रूप से मतदान का प्रयोग करने की बात उन्होंने कही। इसके अलावा समाहरणालय सभागार समेत सभी सरकारी कार्यालयों में भी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाया गया।