प्रतिनिधि,चतरा। सदर प्रखंड अंतर्गत मरमदेरी में श्री श्री 1008 श्री सप्तदिवसीय रुद्र महायज्ञ सह शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा की कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि चतरा के ज़िप परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी सम्मिलित हुए। भव्य कलश यात्रा से पूरे गांव का माहौल धर्ममय हो गया। श्रद्धालुओं द्वारा हर हर महादेव के जयकारों से पूरा गांव गुंजायमान हो गया। कलश पूजन के बाद मंदिर से कलश यात्रा का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि ने कलश धारीयों के बीच कलश वितरण कर किया,जिसका जल मरमदेरी के नदी से उठाकर पूरे ग्राम का भ्रमण कर कलश स्थापन किया गया।





ज़िप परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि इस तरह के भक्ति कार्यक्रम और पूजन समारोह में सम्मिलित होने से मन और मस्तिष्क की शुद्धि होती है।साथ ही एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार पूरे शरीर में होता है।उन्होंने कहा कि भगवान की कथा के अनुसरण से भक्तों का कल्याण होता है और जीवन में सुख व शांति का अनुभव होता है। जिस स्थान पर इस कथा का आयोजन होता है वह तीर्थ स्थल कहलाता है। इस पावन अवसर पर हजारों भक्त जन समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।