प्रतिनिधि,जमशेदपुर।प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा की अदालत ने शहर के चर्चित टेल्को थाना अंतर्गत बिस्टुपुर साउथ पार्क टीओपी के पीछे रहने वाली वर्षा पटेल हत्याकांड मामले में दोषी एएसआई धमेंद्र कुमार सिंह को मंगलवार आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 30 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।जुर्माना नहीं देने पर सजा की अवधि और बढ़ा दी जाएगी।





अभियोजन पक्ष ने हत्या से जुड़े हर साक्ष्य को अदालत में प्रस्तुत किया था। साथ ही हत्याकांड के अनुसंधानकर्ता सुंदर सोरेन समेत नौ लोगों ने गवाही भी दी थी। एफएसएल रिपोर्ट भी अदालत में समर्पित की गई थी। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभारी लोक अभियोजक और वरीय अधिवक्ता विद्या सिंह ने बहस की थी।





बिष्टुपुर क्षेत्र के साउथ पार्क टीओपी के पीछे बस्ती में रहने वाली वर्षा पटेल 12 नवंबर 2021 को अपने घर से लापता हो गई थी। जिसके बाद 18 नवंबर 2021 को वर्षा पटेल का शव टेल्को थाना अंतर्गत तार कंपनी तालाब से पुलिस ने बरामद किया था। शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद कर फेंका गया था। वहीं मृतका की बहन जया पटेल की शिकायत पर बिस्टुपुर थाना के एएसआई धमेंद्र कुमार सिंह के विरुद्ध अपहरण कर हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को फेंक देने की प्राथमिकी टेल्को थाने में दर्ज की गई थी। उसके विरुद्ध आरोप पत्र भी अदालत में समर्पित किया गया था।