प्रतिनिधि,बड़कागांव। बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के हरली पंचायत के मध्य विद्यालय हरली के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास विधायक अंबा प्रसाद के द्वारा किया गया।विद्यालय पहुंचने पर विधायक का ग्रामीणों एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षकों ने फूल माला पहनाकर व पुष्प कुछ भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात विधायक ने विधिवत पूजा अर्चना कर सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।गौरतलब है कि विधायक के अनुशंसा पर डीएमएफटी मद से लगभग 70 लाख की लागत से विद्यालय के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक ने ग्रामीणों में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है, बच्चों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो उसके लिए लगातार कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सुदृढ़ीकरण होने से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए तथा कार्य समय से पूरा करें।
हरली में पथ निर्माण और जल मीनार का निर्माण कराया जाएगा:अंबा
विधायक ने हरली वासियों को संबोधित करते हुए कहा ग्राम हरली हाई स्कूल से मोंहगाई तक पथ निर्माण एवं पंचायत में लगभग 5 करोड़ की लागत से जल मीनार का निर्माण कराया जायेगा। मौके पर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विशेश्वर नाथ चौबे, 20 सूत्री अध्यक्ष हाजी तबस्सुम, युवा प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद तारिक हुसैन उर्फ बाबर, प्रदेश महासचिव आनंद कुमार,पंचायत अध्यक्ष प्रकाश महतो, त्रिलोकी साव, शमशेर आलम, जगत नंदन प्रसाद गुप्ता, सुरेश महतो, दिनेश प्रसाद, जमाल सागीर, वासुदेव यादव समेत सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष एवं छात्र छात्राएं मौजूद थे।





