प्रतिनिधि,पाकुड़। अनाथ बेसहारा वृद्धों के लिए सोनाजोड़ी में स्थित आर सेटी कार्यालय के समीप वृद्ध आश्रम है,लेकिन सुविधा के नाम पर अभी भी कोसो दूर है। वैसे तो ये भवन वर्षो पहले बना था, लेकिन चालू नहीं होने पर इस भवन में पेड़ उग आए थे, लेकिन तीन माह पहले इसे सही करके चालू किया गया है, लेकिन शनिवार जब टीम पहुंची तो देखा गया दोपहर एक बजे एक भी वृद्ध व्यक्ति आश्रम में नहीं था।इस मामले पर केयर टेकर सौरव ने बताया कि दो वृद्ध है, जिसमें से एक अपने घर चले जाता है फिर शाम को आ जाता है और एक है जो आते है जाते है।
इस आश्रम में कुल बारह कमरा, एक डाइनिंग हॉल, एक बड़ा किचन, एक मनोरंजन का कमरा है। फिलहाल आश्रम में कार्यरत कुल सात कर्मी है। इस भीषण गर्मी में भी किसी भी कमरे में एक भी पंखा नहीं है। खिड़की के शीशे भी टूटे हुए है, मनोरंजन कक्ष में टीवी नहीं है, बिजली चले जाने पर इन्वर्टर, सोलर या जनरेटर की सुविधा भी नहीं है। भोजन तालिका भी कही लिखा हुआ नही है।
इस मामले पर समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिश बारा ने बताया कि इस आश्रम का संचालन सीसीआई (जन लोक कल्याण परिषद) द्वारा किया जा रहा है।ये सारी व्यवस्थाएं इनको ही करना है। भुगतान सरकार करेगी। सरकार द्वारा सुविधाएं है, लेकिन प्रचार प्रसार नहीं होने से काफी लोगो को पता नहीं है। जरूरत है प्रचार प्रसार के साथ साथ वॉलेंटियर की जो बेसहारा वृद्धों को आश्रम लेकर आए।





