प्रतिनिधि,चतरा। जिले की प्रतापपुर थाना पुलिस ने तस्करी के लिए ड्राई जोन बिहार भेजी जा रही गॉड फादर कंपनी का अंग्रेजी शराब(केन बियर) की 240 बोतल बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई झारखंड-बिहार की सीमा पर की है। बरामद शराब की बोतलों को होली के दौरान बिहार में खपाने की योजना थी। एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक सह प्रभारी थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में गठित प्रतापपुर थाना पुलिस की स्पेशल टीम को सफलता मिली।





इसकी पुष्टि करते हुए चतरा के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बिहार-झारखंड की सिमा पर अवस्थित थाना क्षेत्र के चंद्री गोविंदपुर पंचायत के धर्मपुर गांव निवासी विजय साव के घर से बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार में होली को रंगीन बनाने के लिए धर्मपुर गांव के लखन साव के घर पर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब स्टॉक किया गया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल का गठन किया गया। छापामारी के क्रम में लखन साव के घर में प्लास्टिक के तीन बोरो में छुपा कर रखें गए कुल 240 बोतल गॉड फादर कंपनी का अंग्रेजी शराब (केन बियर) बरामद किया गया। छापामारी के दौरान घर के सभी सदस्य पुलिस को देखकर फरार हो गए।





मामले में शराब तस्कर व माफियाओं के विरुद्ध प्रतापपुर थाना कांड सं0- 28/23, दि०- 05.03.2023 धारा- 47(ए) उत्पाद अधि0 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।एसडीपीओ ने शराब तस्करों को शराब की तस्करी छोड़ कर आजीविका का दूसरा साधन अपनाने की अपील की है। अभियान में एसआई अखिलेश कुमार यादव व सत्यमान कुंभकार समेत थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।