शिक्षा विभाग के सभी योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न





मध्याह्न भोजन में कार्य के प्रति लापरवाह एमडीएम ऑपरेटर को कार्य मुक्त करने का निर्देश





विद्यालयों में खराब चापानल का कराएं मरम्मति





छात्र-छात्राओं के बीच यूनिफार्म व कीट वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:उपायुक्त





प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को उपायुक्त अबु इमरान की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अन्तर्गत सभी योजनाओं (कस्तुरबा गाँधी आवासीय विद्यालय सहित) से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की गई।बैठक में मुख्य रूप से कुल विद्यालयों की संख्या, बीआरसी, सीआरसी, बीईईओ, बीआरपी, सीआरपी, शिक्षक, मध्याह्न भोजन, कस्तुरबा गाँधी बालिका विद्यालय समेत अन्य सभी संबंधित को लेकर समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।





बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश मिश्रा ने जानकारी दी कि जिले में कुल 1570 विद्यालय हैं। इस संदर्भ में उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं के बीच यूनिफार्म वितरण की जानकारी ली। साथ ही कहा कि यूनिफार्म वितरण में जिन संबंधित के द्वारा लापरवाही बरती जा रही है,उनसे कारण पृच्छा कर नियमानुसार कार्रवाई करें। उपायुक्त ने विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस का संचालन हेतु लगे सोलर पैनल की स्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त को जानकारी दी गई कि कुछ विद्यालयों से सोलर पैनल की चोरी हुई है, उससे संबंधित प्राथमिकी नजदीकी थाना में दर्ज कराई गई है।इस संदर्भ में उपायुक्त ने चोरी हुए सोलर उपकरण एवं थाना द्वारा जब्त किए गए सोलर उपकरण का रिपोर्ट जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। उन्होंने विद्यालयों में स्थापित आईसीटी लैब के स्थिति की भी जानकारी ली।उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि इसका संचालन निरंतर हो और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिले।





कस्तुरबा गाँधी बालिका विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता, पठन पाठन की व्यवस्था, नामांकन प्रक्रिया के समीक्षा के क्रम में यह प्रकाश में आया कि कस्तुरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय में पिछले सत्र में 1278 सीट रिक्त हैं। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विद्यालयों में इस तरह से सीटे रिक्त रहना शोभनीय नहीं है। इसकी विस्तृत समीक्षा कर नियमानुसार छात्र-छात्राओं का नामांकन कर शत प्रतिशित रिक्त सीट को भरें। उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, क्षेत्रीय पदाधिकारी द्वारा विद्यालय भ्रमण रिपोर्ट की समीक्षा पीपीटी के माध्यम से करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देेश दिया कि इन सभी की समीक्षा अपने स्तर से करें और विद्यालयों में शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। साथ ही कहा कि जिले के सभी विद्यालयों में पेयजल की व्यवस्था की मॉनिटरिंग करें और जिन विद्यालयों में बढ़़ते तापमान के कारण पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है।वैसे स्थानों पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल चतरा से समन्वय स्थापित कर चापानल की मरम्मति करा कर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।जिले के विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन को लेकर निर्देशित किया गया कि समय समय पर इसकी निगरानी रखते हुए बच्चों के बीच समय पर मध्याह्न भोजन का वितरण किया जाय। एमडीएम ऑपरेटर द्वारा मध्याह्न भोजन से संबंधित कार्य में लापरवाही बरती जाती हैं तो अविलम्ब वैसे ऑपरेटरों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सख्त कार्रवाई की जाय।





बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिषेक बड़ाईक, सभी प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, जिला मध्याह्न भोजन कोषांग प्रभारी, सभी प्रखण्ड के सहायक अभियंता समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।