शिवम स्टील फैक्ट्री में कार्यरत फार्निस हेल्पर की मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने किया गेट जाम





दो दिन पूर्व प्लांट में काम करने के दौरान हुई थी घटना,रिम्स में इलाज के दौरान हुई मौत





पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह के औद्योगिक क्षेत्र उदनाबाद में संचालित शिवम स्टील टीएमटी फैक्ट्री में काम कर रहे फार्निस हेल्पर राजू वर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और असंगठित मजदूर मोर्चा ने शनिवार को मृतक राजू वर्मा के शव के साथ गेट जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीण और मोर्चा के कार्यकर्ता इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने वाहनों के फैक्ट्री में आवागमन को पूरी तरह से बाधित कर दिया,जिसके कारण आयरन और टीएमटी लोड कई ट्रक प्लांट के गेट के बाहर ही खड़े थे। यहां तक कि ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए फैक्ट्री मालिक समेत अन्य कर्मियो को फैक्ट्री के बाहर से वापस लौटना पड़ा।





मौके पर गेट जाम कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि 47 वर्षीय राजू वर्मा शिवम स्टील फैक्ट्री के फार्निश डिवीजन में करीब पांच साल से कार्यरत था। मृतक राजू वर्मा दो दिन पहले ही काम करने के दौरान चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल राजू वर्मा को पहले स्थानीय नवजीवन अस्पताल में ले जाया गया।उसके बाद रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान शनिवार की अहले सुबह उसकी मौत हो गई। कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन के द्वारा अगर सही तरीके से इलाज कराया जाता तो राजू की जान बच सकती थी।





इस दौरान जानकारी मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों और मोर्चा के कार्यकर्ताओ को समझाने का प्रयास किया,लेकिन ग्रामीण और मोर्चा के कार्यकर्ता बगैर मुआवजा के गेट से हटने को तैयार नहीं थे,जिसे देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के पहल पर फैक्ट्री प्रबंधन व ग्रामीणों तथा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच समझौता वार्ता होने के बाद परिजनो ने शव को फैक्ट्री के गेट के पास से हटाया।