पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,देवघर। राजकीय श्रावणी मेला के सफल संचालन और आगंतुक श्रद्धालुओं की सुविधा केे मद्देनजर अनुमण्डल पदाधिकारी देवघर सागरी बराल की अध्यक्षता में पेड़ा,चूड़ा और इलायची दाना की उपलब्धता, गुणवत्ता और दर निर्धारण के लिए सूचना भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गयी कि मेला क्षेत्र में दुकानदारों को नगर निगम से ट्रेड लाइसेंस और फुड लाइसेंस फूड सेफ्टी पदाधिकारी से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। साथ ही मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नही करने का निर्देश दिया।
अनुमण्डल पदाधिकारी ने बताया कि देवघर आने वाले श्रद्धालु बाबा को जलार्पण करने के पश्चात यहां से प्रसाद के रूप में पेड़ा,चूड़ा एवं इलायची दाना खरीदकर ले जाते हैं। ऐसे में हम सभी की जिम्मेवारी है कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित दर पर खाद्य सामग्री उपलब्ध करवायी जाय। साथ ही बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी द्वारा सभी खुदरा एवं थोक व्यपारियों को निर्देशित करते हुए कहा गया कि मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का पूरा ख्याल रखा जाय एवं प्रतिष्ठान के ईदगिर्द साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाय। वहीं खाद्य सामग्रियों पर यूज्ड बाय डेट लिखा होना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगें एवं वैसे दुकानदार जिनका फूड लाइसेंस समाप्त हो गया है वह अपना नवीकरण कराना सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने कहा कि यदि किसी थोक या खुदरा विक्रेता द्वारा श्रावणी मेला के दौरान यहां आगन्तुक श्रद्धालुओं से पेड़ा,चूड़ा या इलायची दाना का निर्धारित दर से अधिक वसूल किया जाता है तो ऐसा करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। साथ हीं उनके द्वारा सभी को निर्देशित किया गया कि प्लास्टिक से बने किसी भी वस्तु का प्रयोग अपने दुकानों में न करें।दुकानों में व उसके आसपास डस्टबीन की व्यवस्था की जाय एवं साफ-सफाई का पूरा ध्यान भी रखा जाय।
खाद्य पदार्थों के मूल्य में सामान्य बढ़ोतरी की गयी सूची निम्न है
पेड़ा-800 ग्राम खोवा एवं 200 ग्राम चीनी= 400/- रूपये।
पेड़ा-700 ग्राम खोवा एवं 300 ग्राम चीनी= 370/- रूपये।
चूड़ा-रायपुर चूड़ा-5400 रूपया प्रति क्विंटल एवं 60 रूपये प्रतिकिलो।
चूड़ा-वर्द्धमान चूड़ा-4600 रूपया प्रति क्विंटल एवं 50 रूपये प्रतिकिलो।
इलायची दाना-80 प्रति किलोग्राम।
बैठक में सहायक आयुक्त जीएसटी पृथ्वी लाल राय,जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार,फूड सेफ्टी पदाधिकारी संजय कुमार,विभिन्न थोक व खुदरा विक्रेता संघ प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।





