विशेष संवाददाता,रांची।बिहार के पटना जिलांतर्गत बख्तियारपुर थाना के करनौती ग्राम निवासी जानेमाने सामाजिक कार्यकर्ता भारती सत्येंद्र देव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में विकास की बयार काफी तेज हुई है। एक ओर जनहित के कार्यों के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है तो वहीं अपनी पार्टी (जनता दल यूनाइटेड) का जनाधार बढ़ाने की दिशा में भी उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को सांगठनिक तौर पर सराहा जा रहा है।





भारती सत्येंद्र देव शुक्रवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पटना से रांची पहुंचे थे।इस मौके पर पूर्वांचल सूर्य संवाददाता से भारती सत्येंद्र देव ने बिहार की वर्तमान राजनीतिक परिदृश्यों पर खुलकर बातचीत की।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय झा को जदयू का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत कर अपनी राजनीतिक परिपक्वता का परिचय दिया है।भारती ने बताया कि संजय झा एक प्रखर वक्ता के साथ-साथ जुझारू जननेता रहे हैं। बिहार सरकार में उन्होंने मंत्री पद को भी सुशोभित किया है।





भारती सत्येंद्र देव ने बताया कि श्री झा को जिस मंत्रालय का जिम्मा दिया गया उसे उन्होंने बखूबी निभाया। अब राज्यसभा सांसद के रूप में बिहार की जनता की सेवा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।वहीं संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद आशा जताई जा रही है कि बिहार में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में भी उनका उल्लेखनीय योगदान होगा।





भारती सत्येंद्र देव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विकास पुरुष की उपाधि से भी बिहार की जनता ने नवाजा। बिहार के सर्वांगीण विकास का सपना उनके कार्यकाल में साकार हुआ।नीतीश कुमार द्वारा कई ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं जो मील का पत्थर साबित हुए हैं। श्री कुमार ने अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर में उच्च शिक्षा के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना कर वहां के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त किया है।





भारती सत्येंद्र देव ने आशा जताई कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के कुशल मार्गदर्शन में बिहार में विकास को गति मिलेगी। वहीं स्वस्थ और समृद्ध समाज के नवनिर्माण में भी उल्लेखनीय कार्य होगा।