पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़। सोमवार को सदर अस्पताल सोनाजोड़ी सभागार कक्ष में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार,सिविल सर्जन डॉक्टर मंटू कुमार टेकरीवाल,डीएस डॉक्टर मनीष कुमार,जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉक्टर केके सिंह,जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉक्टर अमित कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।





उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि अधिक से अधिक निक्षय मित्रों की सहभागिता से इस वर्ष 2025 तक भारत टीबी मुक्त हो जाएगा।उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यक्ष्मा पर बेहतर कार्य किए हैं।डीएमएमएफटी मद से मरीजों के बीच निक्षय कीट का वितरण किया जाएगा।साथ ही मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना के बारे में सहिया दीदियों को गांव-गांव में जाकर प्रचार प्रसार करने के लिए अपील किया।उपायुक्त ने कहा कि सरकार न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश कर रही है,बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रही है कि ऐसी सुविधायें दूर-दराज के इलाकों में भी उपलब्ध हों।





उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी के मरीजों का इलाज उपरोक्त संस्थाओं की ओर से या व्यक्तिगत रूप से जिला, प्रखंड, पंचायत और टोला स्तर पर व्यक्तिगत स्तर पर रोगियों के इलाज के दौरान गोद लेते हुए टीबी मुक्त होने तक या कम से कम छह माह तक इलाज व पोषाहार देकर उन्हें टीबी मुक्त बनाना है। वर्तमान में टीबी के मरीजों को सरकार की तरफ से सहायतार्थ पांच सौ रुपए पोषाहार के लिए मुहैया कराया जाता है।





सिविल सर्जन डॉक्टर मंटू कुमार टेकरीवाल ने कहा कि टीबी लाइलाज नहीं है। समयानुसार इलाज आरंभ किये जाने व नियमित दवा के सेवन से टीबी के रोगी पूर्ण रूप से ठीक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह या उससे ज्यादा समय तक खांसी रहने पर तुरंत टीबी की जांच कराये। यह जांच सभी सरकारी अस्पताल में निःशुल्क किया जाता है। टीवी के रोकथाम के लिए टीवी का मुफ्त जांच, दवाएं, परामर्श सहायता, निक्षय पोषण योजना अंतगर्त सभी टीबी रोगी को उपचार अवधि में पोषण सहायता राशि 500 रुपये प्रतिमाह के दर से दिया जाता है।





उपायुक्त द्वारा क्षय रोग को खत्म करने की दिशा में बेहतरीन कार्य करने वाले मुखिया,सीएचओ,संस्थाओं,सहिया, अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया।बैठक के बाद उपायुक्त मनीष कुमार ने सदर अस्पताल सोनाजोड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुरुष वार्ड, एमटीसी वार्ड, शौचालय और किचन का निरीक्षण कर सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।