प्रतिनिधि,पाकुड़। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार अंतर्गत खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा आयोजित पाकुड़ बैंक कॉलोनी स्थित जिला स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन सहायक समाहर्ता डाॅ के के कांवरिया ने फुटबॉल में किक मारकर किया। मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत जिला खेलकूद पदाधिकारी राहुल कुमार सहित खिलाड़ी उपस्थित थे।





इस जिला स्तरीय खेल में जिले के 6 प्रखंडों से खिलाड़ी उपस्थित थे जिनका चयन होने के बाद विजेता खिलाड़ी को प्रमंडलीय स्तर पर दुमका में आयोजित खेल में भाग लेने मिलेगा।वहीं पर मंडलीय स्तर से जीतने के बाद राज्य स्तर पर खेल का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार का उद्देश्य खेल के माध्यम से आमलोगों को जागरूक करना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य करना है जिसको लेकर कार्यक्रम आयोजित की गई है।





इस संबंध में जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत ने कहा कि खेल से मानसिक एवं शारीरिक तनाव से मुक्ति मिलती है और शरीर स्वस्थ रहता है।सहायक समाहर्ता के के कांवरिया ने कहा कि हमेशा मुस्कुराते रहिए और खेल को खेल की भावना से मैदान में कोई भी खिलाड़ी खेल को प्रारंभ करता है,लेकिन बड़े स्तर पर मेहनत और कड़ी संघर्ष के बाद ऊंचाई तक पहुंचता है। वहीं उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि उन्हें विभाग की ओर से नाश्ता तक नहीं दिया गया। स्टेडियम के चारों ओर दर्शक न के बराबर थे। इस संबंध में जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि प्रचार प्रसार सोशल मीडिया फेसबुक ट्विटर व्हाट्सएप्प के माध्यम से एवं अखबारों के माध्यम से किया गया था।ठंड का मौसम है दर्शक धीरे-धीरे आएंगे।





ज्ञात हो फुटबॉल संथाल परगना का एक महत्वपूर्ण खेल है जिस पर लोग बड़े रुचि से देखने के लिए पहुंचते हैं। सबसे बड़ी बात यहां जिला स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ,लेकिन दर्शक एक भी नहीं दिखे कहीं ना कहीं विभागीय लापरवाही और प्रचार प्रसार की कमी दिख रही है!