सांसद संजय सेठ की सराहनीय पहल,रांची संसदीय क्षेत्र की ढाई हजार गर्भवती महिलाओं को मिलेगा पोषण किट





गेल इंडिया ने सीएसआर के तहत कराया पोषण किट उपलब्ध





सांसद ने गिनाई उपलब्धियां





प्रमुख संवाददाता,रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से रांची में कुपोषण के विरुद्ध कार्यक्रम आगाज किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत गेल इंडिया लिमिटेड के सौजन्य से सांसद संजय सेठ की पहल पर गर्भवती महिलाओं के बीच पोषाहार किट का वितरण किया जाएगा।





इस संबंध में सांसद संजय सेठ ने राजधानी के अरगोड़ा चौक स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से इसके लिए प्रयासरत था कि गर्भवती महिलाओं को पोषण किट उपलब्ध हो सके। इस दिशा में बड़ी सफलता मिली है। गेल इंडिया के सीएसआर के माध्यम से रांची लोकसभा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के बीच 2500 से अधिक पोषाहार किट का वितरण किया जाएगा। इस पोषाहार किट में गाय का घी, ड्राई फ्रूट्स के लड्डू, प्रोटीन पाउडर, विभिन्न प्रकार के पौष्टिक बीज, मोटे अनाज से बने लड्डू सहित कई ऐसी सामग्री शामिल हैं, जो गर्भवती महिलाओं और उनके गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाते हैं।





सांसद संजय सेठ ने पत्रकारों से कहा कि यह पूर्ण रूप से चिकित्सकों की सलाह पर तैयार किया गया किट है। इसके लाभुकों की सूची तैयार कर ली गई है। इसी सूची के अनुसार रांची लोकसभा क्षेत्र के रांची, हटिया, कांके, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी विधानसभा क्षेत्र में इसका वितरण किया जाएगा।





सांसद संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ जैसे स्लोगन ऐसे क्षेत्र पर काम करने की प्रेरणा देते हैं। उनकी इसी प्रेरणा को लेकर मैंने यह प्रयास किया जो अब सफल हुआ है। सांसद ने बताया कि एक सेट किट की कीमत लगभग ढाई हजार रुपए है। सांसद ने कहा कि प्रथम चरण में लगभग 2500 महिलाओं को यह किट देने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे चरण में चुनाव के बाद इसमें और भी बढ़ोतरी की जाएगी। इस क्रम में सांसद संजय सेठ ने रांची संसदीय क्षेत्र की उपलब्धियां भी गिनाई।





इस अवसर पर रांची के विधायक सीपी सिंह, रांची लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी संजीव विजयवर्गीय, रांची महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू, रांची ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन सहित कई गणमान्य मौजूद थे।