प्रतिनिधि,जमशेदपुर।साकची स्थित टैगोर अकादमी स्कूल के आठवीं और नौवीं कक्षा के लगभग 83 छात्रों को परीक्षा में फेल करने पर अभिभावकों ने मंगलवार को स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया।सूचना पाकर झामुमो छात्र मोर्चा भी स्कूल पहुंचा। जहां उन्होंने छात्रों को फेल किए जाने को लेकर हंगामा भी किया।
इस दौरान प्रिंसिपल से मांग की गई कि फेल किए गए छात्रों को पास किया जाय। इससे पहले अभिभावक रिजल्ट लेने स्कूल पहुंचे थे। इस बीच सभी ने स्कूल के प्रिंसिपल से मिलकर जानकारी लेने का प्रयास भी किया। मगर प्रिंसिपल ने उनसे मिलने से इंकार कर दिया। फेल होने के बाद बच्चों को उस स्कूल में दोबारा नहीं लेने के लिए भी जवाब दे दिया गया है। जिससे स्कूल पहुंचे अभिभावकों के आंसू छलक पड़े। उन्हें ऐसा लगा जैसे उनके बच्चों का भविष्य ही बर्बाद हो गया है।
अभिभावक आभा सिन्हा ने बताया कि स्कूल का कुछ फीस बकाया होने के कारण उन्हें स्कूल में रिपोर्ट कार्ड देखने नहीं दिया जा रहा था और पूरा फीस जमा करने के बाद ही उन्हें रिपोर्ट कार्ड दिया गया। बच्चों को फेल करने का कारण पूछने पर स्कूल प्रबंधन का जवाब था कि अब दोबारा इस स्कूल में एडमिशन भी नहीं होगा। वे अपने बच्चों का दाखिला दूसरे स्कूल में करवाएं।
मामले में प्रिंसिपल मधु चंदा मजुमदार ने कहा कि स्कूल के बच्चे पढ़ाई कम और बदमाशी ज्यादा करते हैं। स्कूल के भीतर जो सुविधाएं दी गई है। उसे नष्ट करने का काम करते हैं। अगर अभिभावक सपोर्ट नहीं करेंगे तो वे बच्चों को दूसरे स्कूल में दाखिला कराएं। उन्होंने अभिभावकों को दो माह का समय देकर दोबारा छात्रों की परीक्षा लेने की बात भी कही। इसमें जो पास होंगे उन्हें ही स्कूल में वापस लिया जाएगा। जिस पर छात्र प्रतिनिधि भड़क गए।
झामुमो छात्र संघ के कमलेश और आजसू छात्र संघ के हेमंत पाठक ने कहा कि उन्हें अभिभावकों की ओर से सूचना मिली थी। जिसके बाद वे स्कूल पहुंचे। यहां पता चला है कि 83 छात्रों को फेल कर दिया गया है। साथ ही उन्हें स्कूल से टीसी देने की बात भी कही गई। छात्र नेताओं ने कहा कि बच्चों को एक बार जरूर मौका मिलना चाहिए। स्कूल से निकालना समस्या का समाधान नहीं है।सूचना पाकर साकची थाने के एसआई बाल कृष्णा दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था बनाए रखने की मांग छात्र नेताओं और स्कूल प्रबंधन से की।





