प्रतिनिधि,जमशेदपुर।साकची थाना अंतर्गत शीतला मंदिर के पास शुक्रवार की सुबह दो लोगों को सांड ने पटक-पटक कर उनकी जान ले ली। इस दौरान सांड काफी गुस्से में था। वहीं घटना के बाद सांड को जिला प्रशासन ने पकड़कर बेहोश किया और गौशाला भेज दिया है। सांड द्वारा दो लोगों की जान लेने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।





घटना की जानकारी पाकर एसडीएम पीयूष सिन्हा मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने टाटा स्टील, टाटा जू और जेएनएसी के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। साथ ही सांड को एक जगह पर बैरिकेड कर घेरा गया। ताकि वह और उत्पात ना मचा सके। इसके बाद टाटा स्टील की टीम ने सांड को बेहोश कर जेसीबी के सहारे मालवाहक वाहन में लादकर गौशाला भिजवा दिया।इस दौरान एसडीओ ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांड को काबू में कर गौशाला भिजवाया।





बताते चलें कि सांड के हमले में साकची पेनार रोड निवासी अशोक अग्रवाल और राज किशोर नामक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना के वक्त दोनों मृतक सुबह-सुबह दूध लेने जा रहे थे। तभी दोनों को देखकर सांड ने हमला कर दिया।दोनों को पटक-पटक कर मार डाला।इस दौरान लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर सांड को भगाने के लिए शोर मचाने लगे। जिसके बाद सांड़ वहां से हटा। इस बीच दोनों को घायल अवस्था में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना से दोनों के परिवार में गम का माहौल है। यह पहली बार नहीं है जब साकची बाजार में सांड ने किसी की जान ली हो। ऐसी घटनाएं पहले भी घट चुकी हैं। फिलहाल दोनों मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।