प्रतापगढ़।परिवहन मंत्री दयाशंकर ने हाल ही में अपनी पत्नी को तलाक दे दिया था।अब एक और तलाक की बड़ी खबर मिल रही है।पूर्व कैबिनेट मंत्री जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंडा विधायक रघुराज प्रताप उर्फ राजा भइया अपनी पत्नी भानवी सिंह को तलाक दे सकते है।कहा जा रहा है कि 27 साल की शादीशुदा जिंदगी बिताने के बाद राजा भइया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच अब रिश्तो में बड़ी दरार पड़ गई है।





जानकारी के मुताबिक राजा भइया ने दिल्ली के साकेत फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए डिवोर्स पिटिशन फाइल किया था। यह पिटिशन नवम्बर 2022 में फाइल किया गया है, जिसमे 10 अप्रैल 2023 को कोर्ट ने सुनवाई की तारीख मुकर्रर की थी और आज इस मामले में सुनवाई होने वाली है। कहा जा रहा है कि अब राजा भइया और उनकी पत्नी के बीच रिश्ते सामान्य नहीं हैं।





आखिर 27 साल बाद क्यों अलग हो रहे हैं राजा और रानी





तलाक की वजह घरेलू विवाद बताया जा रहा है।राजा भइया के चचेरे भाई एम‌एलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल पर कुछ महीने पहले धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने के बाद मामला बिगड़ गया है और अब 27 साल के बाद नौबत राजा और रानी के बीच की बात कोर्ट के दरवाजे तक पहुंच गई है। बताया जाता है कि कई रिश्तेदारों ने रिश्ते को जोड़ने के लिए मध्यस्थता का भी प्रयास किया, लेकिन राजा उनकी पत्नी के बीच बात बन ना सकी। राजा भइया ने अब तो तलाक की नोटिस भी पत्नी को भेज दिया है।





राजा भइया और उनकी पत्नी भानवी के तलाक की कॉपी सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।प्रतापगढ़ में राजघराने के बीच तलाक की चर्चा को लेकर सियासी पारा भी गर्म हो गया है, जिससे राजा भइया के घर पर परिवारिक कलह रुक नहीं रही।





राजा और रानी के रिश्ते की कहानी





प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक राजा भइया का यूपी की सियासत में बड़ा दबदबा माना जाता है। राजा भइया 1993 से लगातार 7वीं बार कुंडा विधानसभा से निर्दलीय विधायक है। राजा भ‌इया भदरी राजमहल के राजकुमार है और यूपी सरकार में जेल और खाद्य मंत्री तक रह चुके हैं। राजा भइया की शादी 17 फरवरी 1995 को बस्ती राजघराने की राजकुमारी भानवी सिंह से हुई थी, लेकिन सालों से राजा भइया और उनके पत्नी बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे लगातार घर में घरेलू कलह हो रही थी।शादी के बाद 1996 में भानवी ने बेटी को जन्म दिया,1997 में दूसरी बेटी का भी जन्म हुआ। भानवी ने 2003 में दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया। राजा भइया के दो बेटे शिवराज सिंह और बृजराज सिंह है। जबकि बेटियों का नाम राघवी और बृजेश्वरी है।





दिल्ली में रहती हैं राजा भइया की पत्नी भानवी





बताया जाता है कि राजा भइया की पत्नी भानवी 2 सालों से दिल्ली में रहती हैं।क्योंकि घर में घरेलू क्लेश होने की वजह से वह अधिकतर लखनऊ और दिल्ली रहने लगी थी, जबकि राजा भइया हफ्ते में 5 दिन लखनऊ और 2 दिन प्रतापगढ़ के बेती में निवास करते हैं।





राजा भइया का क्या होगा राजनीतिक नुकसान





भदरी रियासत के राजकुमार रघुराज प्रताप उर्फ राजा भइया का यूपी की राजनीति में खासा दबदबा माना जाता है। बताया जाता है कि राजा भइया का राजनीतिक प्रताप सिर्फ प्रतापगढ़ तक ही नहीं है।प्रयागराज, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव, बस्ती, जिले तक है। राजा भइया के संबंध सपा संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव से भी बेहद करीबी रहे, लेकिन 30 नवंबर 2018 को राजा भइया ने अपनी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी बनाई।