वरीय संवाददाता,रांची। सीएमपीडीआई (मुख्यालय) रांची के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत हजारीबाग, झारखंड के सरकारी स्कूल के बच्चे को मध्याहन भोजन प्रदान करने के लिए छह खाद्य वितरण वाहन उपलब्ध कराने हेतु अक्षय पात्र फाउंडेशन रांची के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। सीएमपीडीआई के महाप्रबंधक (एचआरडी/सीएसआर) आरके महापात्रा तथा अक्षय पात्र फाउंडेशन, रांची के क्षेत्रीय निदेशक श्री व्योमपद दास के बीच समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया।





इस परियोजना के तहत सीएमपीडीआई द्वारा अक्षय पात्र फाउंडेशन रांची को 6 वाहन प्रदान किया जाएगा। इस वाहन का उपयोग हजारीबाग जिले के सरकारी स्कूलों के लिए मध्याहन भोजन के परिवहन में किया जाएगा,जिससे वहां के स्कूली बच्चों में पोषण स्तर में सुधार लाने में सहायता मिलेगी। सीएमपीडीआई ने इस परियोजना के निमित्त सीएसआर के तहत 93.06 लाख रूपये का निधि स्वीकृत किया है।





इन वाहनों के माध्यम से समय पर निर्दिष्ट सरकारी स्कूलों को डिलीवरी करने में अक्षय पात्र फाउंडेशन को अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस परियोजना से हजारीबाग जिले के लगभग एक लाख स्कूल जाने वाले बच्चे लाभान्वित होंगे।





इस अवसर पर सीएमपीडीआई की सीएसआर टीम और अक्षय पात्र फाउंडेशन, रांची की टीम मौजूद रही।