प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कदमा थाना की पुलिस ने मिली गुप्त सूचना के आधार पर सीजीपीसी के पूर्व प्रधान उलीडीह कुंवर सिंह रोड निवासी गुरमुख सिंह उर्फ मुखे को बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल से शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय वह बीते दो दिनों से छुपकर अस्पताल में अपना इलाज करवा रहा था।







गिरफ्तार करने के बाद पुलिस गुरमुख सिंह उर्फ मुखे को लेकर थाने पहुंची। जहां पूछताछ कर दोपहर में पुलिस उसे लेकर चिकित्सीय जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। वहां जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





बता दें कि गुरमुख सिंह उर्फ मुखे पर कदमा थाने में 5 नवंबर 2022 को उलियान की रहने वाली एक महिला ने अप्राकृतिक यौनाचार और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद से गुरमुख फरार चल रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसका गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था। साथ ही पुलिस उसके घर की कुर्की जब्ती भी करने वाली थी। अंततः पूरे साढ़े चार माह बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।