प्रतिनिधि,हजारीबाग। सीमा सुरक्षा बल मेरु प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय हजारीबाग में कार्य भार संभालने के बाद बुधवार को महानिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा ने रांची राजभवन में राज्यपाल रमेश बैस से शिष्टाचार पहली मुलाकात की।
इस दौरान श्री राणा ने राज्यपाल को झारखण्ड राज्य में हजारीबाग स्थित सीमा सुरक्षा बल मेरू कैम्प में चलने वाले प्रशिक्षण कोर्सो से उन्हें अवगत कराया। बताया कि टीसीएस मेरु पूरे राष्ट्र में अपनी तरह की एक अनूठा प्रशिक्षण केन्द्र है। जिसे भारत के एक प्रीमियर प्रशिक्षण संस्थान का दर्जा हासिल है। जिसमें सीमा सुरक्षा बल के अलावा केन्द्रीय बलों, राज्य पुलिस बल के साथ ही मित्र देशों के केन्द्रीय बलों के कार्मिक भी विशिष्ट प्रशिक्षण में भाग लेते हैं।
इसके अलावा मेरू कैम्प में चलायी जा रही प्रशिक्षणिक गतिविधियों के साथ प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय मेरू कैम्प के द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम, फिट इंडिया अभियान, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान एवं अन्य समाजसेवी क्रियाकलापों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि सीमा सुरक्षा बल अपने समाजिक दायित्वों के निर्वाह में आम जनमानस के कल्याण में अपना पूर्ण सहयोग देती रहेगी।





