वरीय संवाददाता,रांची। सीसीएल गांधीनगर अस्पताल में हृदय रोग संबंधी नि:शुल्क चिकित्सीय शिविर का आयोजन किया गया,जिसमें प्रख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी,अस्पताल,नई दिल्ली के डॉ. राजीव राठी ने सेवा दी। डॉ. राजीव राठी ने 100 से अधिक हृदय रोग से ग्रसित मरीजों का जांच कर चिकित्सीय सलाह दी।
सीसीएल के केन्द्रीय अस्पताल,गांधीनगर,कांके रोड,रांची में शुक्रवार 16 दिसम्बर, 2023 को प्रात: 9 बजे से नि:शुल्क हृदय रोग संबंधी चिकित्सीय शिविर (कार्डियक क्लिनिक) का आयोजन किया गया। इस चिकित्सीय शिविर में कमान क्षेत्रों सहित राज्य के विभिन्न जिलों से लोग चिकित्सीय परामर्श हेतु उपस्थित थे।
सीएमडी डॉ. बी. वीरा रेड्डी के मार्गनिर्देशन में सीसीएल ने अपने कर्मियों एवं हितधारकों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के लिए चिकित्सा सेवा मुहैया कराने के लिए कृतसंकल्पित है। इसके लिए सीसीएल द्वारा समय-समय पर देश के ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों को आमंत्रित कर विभिन्न बीमारियों से संबंधित स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है।





