पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जमानत को रद्द करने की ईडी की मांग से संबंधित याचिका सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द किए जाने के फैसले का स्वागत किया है।सुबोधकांत ने कहा कि ईडी के अधिकारी अपनी हरकतों से बाज आएं।आखिर कब तक मोदी और शाह के इशारों पर नाचते रहेंगे।
सुबोधकांत सहाय ने कहा कि अब केंद्र में बैसाखियों वाली सरकार है किसी भी समय गिर जाएगी।सरकार बदलते ही उनके कुकर्मों का हिसाब होगा,तब उनके षड़यंत्रों का हिस्सा बनने वाले अफसरों का क्या होगा।उल्लेख्य है कि रांची हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सशर्त जमानत की सुविधा दी थी।
सुबोधकांत सहाय ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव होने हैं।मोदी और शाह को डर है कि हेमंत बाहर रहे तो भाजपा को एक भी सीट मिलना मुश्किल होगा। इसलिए झूठे मुकदमे में फंसाकर उन्हें जेल में रखना चाह रहे हैं।सुबोधकांत ने कहा कि चुनाव में झारखंड की जनता भाजपा को ऐसा सबक सिखाएगी कि षड़यंत्र रचना भूल जाएंगे।अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दाल नहीं गलने वाली है। देश की जनता मोदी की मंशा भांप चुकी है।





