सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा 16 से 30 जून तक स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम
स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया
उप विकास आयुक्त ने समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण किया,आमजनों से भी पौधारोपण करने की अपील की
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा 16 जून से 30 जून तक स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे ने हिस्सा लिया। स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक को खत्म करने के लिए जागरुकता अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन,स्वच्छ पेयजल आदि और स्वच्छता अभियान,अपशिष्ट/कचरे का निपटान जैसी गतिविधियां करना है। इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी,सीसीएल के अधिकारी समेत अन्य कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम में शामिल उप विकास आयुक्त ने समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण किया।उप विकास आयुक्त ने इस अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की बात कही।उन्होंने कहा कि जिले में ग्राम स्तर पर ठोस और तरल कचरा प्रबंधन,जल संरक्षण,पेयजल का उचित उपयोग,पेयजल की गुणवत्ता परीक्षण के संदर्भ में आमजनों को एक पखवाड़ा के तहत जागरूक किया जाना है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भागीदार बनाकर उन्हें जागरूक करना,पेयजल और स्वच्छता के लिए निर्मित आधारभूत संरचनाओं को निरंतर क्रियाशील रखने और लोगों को व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रेरित करना है।





