पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड(सेल) 23 और 24 मई को रांची में अपना पहला एचआर कॉन्क्लेव आयोजित कर रहा है,जिसमें सभी सेल संयंत्रों और इकाइयों के 100 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। वार्षिक सम्मेलन की अध्यक्षता सेल के निदेशक (कार्मिक) केके सिंह करेंगे। इसमें संयंत्रों और इकाइयों के कार्यपालक निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। सेल के अध्यक्ष अमरेंदु प्रकाश नई दिल्ली से वर्चुअल मोड में संगोष्ठी को संबोधित करेंगे।





दो दिवसीय काॅनक्लेव के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है,जिसमें कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध), सेल के निदेशक (कार्मिक), एचपीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन), पावर फाइनेंस कारपोरेशन के ईडी और मानव संसाधन प्रमुख द्वारा पैनल चर्चा शामिल है।प्रसिद्ध मानव संसाधन विचारक प्रबीर झा और प्रोफेसर चारू मल्होत्रा, आईआईपीए द्वारा फायरसाइड चैट एवं अन्य उद्योग विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुति होगी।





टाटा स्टील सोसाइटी फॉर ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट के प्रतिनिधि एवं दिग्गज बिजनेस कंसल्टिंग फर्मों जैसे बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) और डेलॉइट के वरिष्ठ भागीदार भी इस आयोजन में योगदान देंगे और नवीनतम एचआर रुझानों और सर्वोत्तम एचआर प्रथाओं को साझा करेंगे।





कॉन्क्लेव के दूसरे दिन 24 मई को मानव संसाधन की एक अनूठी प्रतियोगिता का फाइनल राउंड होगा,जिसमें पांच एकीकृत इस्पात संयंत्रों और सेल की मार्केटिंग विंग सीएमओ की आठ फाइनलिस्ट टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी। प्रतियोगिता के परिणाम उसी दिन घोषित किये जायेंगे। प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहने वाली एचआर टीमों को वर्ष 2024 के लिए क्रमशः सर्वश्रेष्ठ एचआर टीम ट्रॉफी और प्रथम रनर अप ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उक्त जानकारी सेल के संचार प्रमुख उज्ज्वल भास्कर ने दी।