प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सोनारी थाना की पुलिस ने कागलनगर अंकुर अपार्टमेंट निवासी सजल कुमार सरकार के बयान पर 6.35 लाख रुपए की ठगी करने का एक मामला थाने में दर्ज किया है। मामले में ठगी करने का आरोप 11 लोगों पर लगाया गया है,जिसमें मो. सकीर अंसारी, बीरू कुमार, अंसारी कमरान, नसीफ, अफजल नौशाद खान, कुसुम बानो, जुलोफीज अहमद, अश्वनी कुमार, मनोहर पाटिल और रोहित को आरोपी बनाया गया है।
मामले में सजल ने पुलिस को बताया कि उन्हें लोन की जरूरत थी।वे इंटरनेट पर लोन के साइट की जांच कर रहे थे। इसी बीच कुछ मोबाइल नंबर मिलने पर उन्होंने फोन किया।उन्हें बताया गया कि उनके द्वारा लोन दिलाया जाता है।सजल ने कहा कि उन्हें 5.50 लाख रुपए लोन की जरूरत है। सजल को लोन दिलाने के नाम पर आरोपियों ने एक माह के अंदर विभिन्न खातों में 6.35 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिये। इस बीच आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबर से उनके साथ बातचीत करते थे। उनसे और पैसों की मांग की गई।जिससे उन्हें शक हुआ तो उन्होंने अपने भेजे हुए रुपयों की मांग की। इसके बाद आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने इसकी शिकायत थाने में जाकर की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





