प्रतिनिधि,जमशेदपुर।मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बीपीएल श्रेणी के 78 हिंदू धर्मावलंबियों को द्वारिका और सोमनाथ की यात्रा के लिए सोमवार समाहरणालय परिसर से एसडीएम पीयूष सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रांची के लिए रवाना किया। जहां ट्रेन से सभी आगे की यात्रा करेंगे।
इस दौरान एसडीएम पीयूष सिन्हा ने सभी यात्रियों से कुशलक्षेम जानकर उन्हें यात्रा की शुभकामनाएं भी दी। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी सह नोडल पर्यटन पदाधिकारी अविनाश त्रिपाठी समेत अन्य भी मौजूद रहे।
मौके पर उन्होंने बताया कि 20 मार्च से 27 मार्च तक यात्रा निर्धारित है। साथ ही तीर्थ यात्रियों की देखभाल एवं निगरानी के लिए जिला स्तर से नोडल पदाधिकारी के रूप में सूरज कुमार, कनीय अभियंता एवं सहयोगी सदस्य हेमवती पिंगुआ, कार्यालय अधीक्षक अनिल प्रधान, तकनीशियन ज्रेडा भी गए हैं। वहीं संपूर्ण यात्रा अवधि में आईआरसीटीसी एवं जेटीडीसी से प्रतिनियुक्त नोडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर यात्रियों को गंतव्य तक ले जाने और तीर्थ यात्रा के बाद जिला मुख्यालय तक वापस लाना सुनिश्चित करेंगे।





