प्रतिनिधि,पाकुड़। उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल की अध्यक्षता में शनिवार को रामनवमी पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में रामनवमी के त्यौहार को पारंपरिक उत्साह,आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।
उपायुक्त ने रामनवमी के अवसर पर विधि व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने के लिये सभी का सहयोग अपेक्षित है। साथ ही सभी रामनवमी जुलूस को रात 10 बजे तक समाप्त करने की भी बात कही।उन्होंने कहा कि यह पर्व आस्था व पवित्रता के साथ मनाया जाता है यह सिलसिला जारी रहें।
उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों को अपने स्तर से भी असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने की अपील की।बैठक में उपायुक्त ने नगर परिषद,बिजली विभाग व पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाते हुए जुलूस रुट में पड़ने वाले सभी तरह के समस्याओं का निराकरण कराने की बात कही। उन्होंने एसडीओ को उनके क्षेत्र अंतर्गत निकलने वाले सभी जुलूस के साथ एक मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति करने व जुलूस के निगरानी हेतु सीसीटीवी लगाने, वीडियो ग्राफर की व्यवस्था रखने की बात कही।
उपायुक्त ने एसडीपीओ को जुलूस हेतु निर्धारित किए गए मार्गों को पूरी तरह से स्कैन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक आयोजन में किसी राजनीतिक पार्टी के झंडे का इस्तेमाल हुआ तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई किया जाएगा। जुलूस के दौरान कोई भी सदस्य शराब का सेवन न करे इसका विशेष ध्यान अखाड़ा के कमिटी को रखना है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि पर्व को भव्य एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ पुलिस सदैव तत्पर है।एसपी ने कहा कि यह पर्व में मनचलों का कोई स्कोप नहीं है।सोशल मीडिया के प्रत्येक गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है।चुनाव के दृष्टिगत भी इस वर्ष पर्व के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन ना हो,आप सब अखाड़ा समिति के सदस्य यह ध्यान रखेंगे।
बैठक में जिलेभर से आये विभिन्न अखाड़ा समिति के सदस्यों ने भी अपनी-अपनी मांगों से जिला प्रशासन के पदाधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सभी बीडीओ, सभी अंचलाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, पाकुड़ एसडीपीओ, महेशपुर एसडीपीओ, सभी थाना प्रभारी एवं विभिन्न अखाड़े के मेंबर व वालंटियर उपस्थित थे।





