प्रतिनिधि,लातेहार। बालूमाथ पुलिस अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत रांची चतरा मुख्य मार्ग स्थित एनएच 22 बरनी गांव के समीप शनिवार देर शाम स्कॉर्पियो वाहन के टक्कर से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चंदवा लोहरसी निवासी बाइक चालक रामलाल भुइया उम्र लगभग 34 वर्ष एवं विकास भगत उम्र लगभग 22 वर्ष एक बाइक में सवार होकर बारियातू से चंदवा की ओर आ रहे थे।इसी दौरान बालूमाथ की ओर से जा रही स्कॉर्पियो वाहन से सीधी टक्कर हो गई,जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंचकर दोनों घायलों को सरकारी एंबुलेंस में सवार कर बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया।जहां पर चिकित्सा अमरनाथ प्रसाद के द्वारा प्राथमिक उपचार की गई वही दोनों की स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। चिकित्सक ने बताया कि दोनों घायलों की स्थिति चिंताजनक है।