पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा 6 जुलाई को आर्यभट्ट सभागार में आयोजित किये जाने वाले स्टार्टअप कॉन्कलेव की तैयारियों को लेकर अध्यक्ष किशोर मंत्री की अध्यक्षता में शनिवार को स्टार्टअप उप समिति की बैठक चेंबर भवन में हुई। सर्वसम्मति से कॉन्कलेव के लिए पैनल स्पीकर की सूची तय की गई।
स्टार्टअप उप समिति के चेयरमेन अमित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉन्कलेव में कई प्रमुख स्टार्टअप कंपनियों के फाउंडर पैनल स्पीकर के तौर पर शामिल होंगे,जिनमें मुख्यतः झारखंड एजेंल के फाउंडर प्रभाष निर्भय,ऑसम डेयरी के फाउंडर अभिवन साह,कैसरीच (मुंबई) के फाउंडर स्वागता बासु,शनि गर्ग,क्रिब कंपनी (बंगलुरू) के फाउंडर कुणाल प्रसाद,क्रॉप इन (बंगलुरू) के फाउंडर शामिल हैं, जो झारखण्ड के युवाओं को मोटिवेट करेंगे और स्टार्टअप कंपनी को बढ़ाने का गुण बतायेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कॉन्कलेव में शामिल होने वाले इच्छुक युवाओं को 300 रूपए रजिस्ट्रेशन शुल्क भी रखा गया है,जिसमें उन्हें रजिस्ट्रेशन कीट मुहैया कराया जायेगा।
बैठक से पूर्व चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री के नेतृत्व में चेंबर प्रतिनिधिमण्डल ने रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स की वार्षिक आमसभा में शामिल होकर क्षेत्र के युवा उद्यमियों को स्टार्टअप कॉन्कलेव में आने के लिए निमंत्रित किया।इस दौरान रामगढ़, हजारीबाग,भुरकुंडा,पतरातू के स्टार्टअप उद्यमियों से भी संवाद किया गया।
स्टार्टअप कॉन्कलेव को राज्य के युवाओं के लिए अनुकूल बताते हुए चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली इनोवेटर्स उद्यमी,सफल उद्यमी,निवेशक,बैंकर्स और सरकारी अधिकारियों को एक मंच पर लाकर विचारों का आदान-प्रदान होने से युवाओं के सपनों को आकार मिलने में आसानी होगी।
रामगढ़ के दौरे पर अध्यक्ष किशोर मंत्री,उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा,महासचिव परेश गट्टानी,कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार,प्रवीण लोहिया,विमल फोगला,सदस्य प्रकाश अग्रवाल, चैम्बर भवन में संपन्न हुई बैठक में स्टार्टअप उप समिति के चेयरमेन अमित अग्रवाल,सदस्य आदित्य कुमार,ऋतु राज, नंदिनी,प्रखर मिनोचा,अनिकेत कुमार,श्रेया सिंह राजपूत, जयगाबा, सौरव कुमार उपस्थित थे।





