स्वच्छ एवं निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मी हुए रवाना





जिले में कुल 1014 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा मतदान





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पाकुड़।लोकसभा आम निर्वाचन 2024 अंतर्गत राजमहल लोकसभा क्षेत्र के लिए कल शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होना है। इसको लेकर जिला अंतर्गत कुल 1014 मतदान केंद्रों के लिए शुक्रवार को समाहरणालय स्थित में बने डिस्पैच सेंटर से ईवीएम-वीवीपैट सामग्री उपलब्ध कराया गया।





ईवीएम-वीवीपैट सामग्री प्राप्त कर सेक्टर मजिस्ट्रेट,पुलिस पदाधिकारी,मतदानकर्मी अपने-अपने दल के साथ जिला अंतर्गत विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों की ओर रवाना हो गए।ईवीएम-वीवीपैट सामग्री लेने के लिए डिस्पैच सेंटर में सुबह से ही सेक्टर मजिस्ट्रेट,मतदान कर्मियों, पुलिस पदाधिकारी, जवान आदि पहुंचने लगे थे।





कर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्र के लिए बने पंडालों में मतदान केंद्रवार लगाएं गए टेबल पर बैठकर ईवीएम-वीवीपैट सामग्री प्राप्त किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव सामग्री के साथ मतदान कर्मी को बड़े छोटे वाहनों से मतदान केंद्रों की ओर रवाना किया गया।





जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने विधानसभावार पाकुड़, लिट्टीपाड़ा व महेशपुर विधानसभा हेतु बनाए गए अलग-अलग पंडालों का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।