प्रतिनिधि,चतरा। चतरा महाविद्यालय के सभागार में चतरा पुलिस ने रोज ब रोज हो रही सड़़क दुर्घटना व अफीम से होने वाले नुकसान को लेकर छात्र-छात्राओं के बीच शनिवार को कार्यक्रम आयोजित कर जागरूकता अभियान चलाया। यह जागरूकता अभियान में मुख्य अतिथि के तौर पर चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार मौजूद थे।





एसडीपीओ कुमार ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब भी सड़क पर दुपहिया वाहन चलाएं हैलमेट जरूर पहने। ट्रैफिक नियमों का अनुपालन आवश्यक रूप से करें। ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बची जा सकें। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को अफीम से होने वाले दुष्परिणाम की भी चर्चा की।





एसडीपीओ ने कहा कि आज छोटे छोटे बच्चे व युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आती जा रही है। इससे लोगों का भविष्य खराब हो रहा है,घर परिवार उजड़ रहे हैं। इनसे बचने की जरूरत है। वहीं सदर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। मौके पर चतरा महाविद्यालय के प्राचार्य आर पी राय, प्रो मनीष दयाल समेत बड़ी संख्या में महाविद्यालय कर्मी मौजूद थे।