पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह।जिले में डुमरी के खैराटुंडा पंचायत में हाथियों के हमले में मृत तेलियाटुंडा निवासी डीलो साव (45) के शव को निमियाघाट थाना पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम हेतु सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया।वहीं वन विभाग के द्वारा पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा के तौर पर 40 हजार रुपये नगद देते हुए सरकारी मुआवजा के अनुसार शेष राशि का भुगतान शीघ्र करने का आश्वासन दिया गया।





इस दौरान वनकर्मी सुमित कुमार,भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार ,झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार महतो राजू आदि उपस्थित थे।इधर मृतक के पुत्र महेश साव ने थाना में आवेदन दिया है,जिसमें लिखा है कि उसके पिता राज मिस्त्री का काम कर 21 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे धान की मेड़ाई करने खलिहान गये थे,जहां से धान मेड़ाई के बाद धान लाने गए थे। उसी समय हाथियों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।उसके पिता ने अपनी जान बचाने हेतु भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथियो के झुंड नें उन्हें कुचल दिया। जिससे घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।साथ ही खलिहान में रखे हजारों रूपयों के मूल्य के धान नष्ट कर दिया।घटना की जानकारी भाजपा नेता द्वारा उपायुक्त को भी दे दी गई।