प्रतिनिधि,जामा। प्रखंड अंतर्गत हाईस्कूल मैदान में जन वितरण प्रणाली विक्रेता का प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित किया गया। बैठक में केन्द्र सरकार की दमनकारी नीतियों के विरूद्ध झारखण्ड सहित पूरे देश के पीडीएस डीलर आगामी एक जनवरी से देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को मजबूर होकर हड़ताल की तैयारी और उसकी सफलता को लेकर ऑल इन्डिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के बैनर तले प्रखंड अध्यक्ष नरेन्द्र खिरहर की अध्यक्षता में बैठक करने को बाध्य हैं।





बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में फेडरेशन के केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह झारखण्ड प्रदेश अध्यक्ष ओंकार नाथ झा मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने प्रखण्ड कमिटि को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक जनवरी से पूरे देश में राशन बंद हड़ताल किया जायेगा। केन्द्र सरकार ने अपने वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए पूरे देश के 80 करोड़ परिवारों को 11 लाख 80 हजार करोड़ राशि खर्च कर पूरे पांच वर्षों के लिए मुफ्त अनाज देने की घोषणा की है,लेकिन इस योजना को घर-घर तक पहुंचाने वाले पांच लाख 38 हजार लक्षित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की जायज मांगों को अनसुना कर दिया जाता है,जिस कारण झारखण्ड समेत पूरे देश के राशन विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय होती जा रही है।





प्रधानमंत्री सहित सभी उच्चाधिकारियों तक लगातार फरीयाद करते रहने और संसद में आवाज उठाए जाने के बाद भी केन्द्र सरकार इस योजना को चलाने वाले जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के लिए कुछ नहीं कर रही है। इतना ही नहीं वर्ष 2022 में वितरित प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अनाज का करोड़ों रूपये कमीशन का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है।





इस मौके पर डीलर छंदा इंद्र, शुकुरमुनि मरांडी, मनीष रजा, मिरुदी मरांडी, कंदेली टुडु, रासमुनि देवी, मीरा देवी, सलोनी बास्की, विभीषण पुजहर, छोटेलाल साह, रुक्मिणी देवी, ललन पुजहर, मणिकांत दर्वे, राजेश साह, प्राणधन यादव, सुजीत यादव, संदीप कुमार, जीवेश, वेनुधर मंडल सहित दर्जनों डीलर उपस्थित थे।